
बस्ती (उ. प्र.)। जनपद के सिविल लाइन स्थित जय शक्ति आश्रम में मंगलवार को आरोग्य भारती गोरक्ष प्रान्त की प्रांतीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में गोरक्ष प्रान्त के सभी 10 जिलों के प्रांतीय पदाधिकारियों ने भाग लिया और अपने विचार साझा किए।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं आरोग्य भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के संयोजक डॉ. संग्राम सिंह ने संगठन की आगामी योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आरोग्य भारती के सेवाभावी कार्यकर्ता निःस्वार्थ भाव से स्वस्थ समाज के निर्माण हेतु विभिन्न आयामों पर कार्य कर रहे हैं। आरोग्य भारती के संरक्षक एवं अखिल भारतीय पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राना दिनेश प्रताप सिंह ने नगर पंचायत नगर में नियमित रूप से चलाए जा रहे योगा कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान और वृद्धजन सम्मान जैसे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा आरोग्य भारती जैसे संगठनों से मिलती है।
प्रान्त अध्यक्ष डॉ. डी.पी. सिंह ने निरोगी काया के लिए उत्तम आहार एवं विशुद्ध जीवनशैली पर प्रकाश डाला। प्रान्त सचिव डॉ. दीपक सिंह ने बताया कि आरोग्य भारती भारतीय जीवन मूल्यों पर आधारित स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्य करने वाला देश का सबसे बड़ा संगठन है, जो अपने 27 आयामों के माध्यम से समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करता है। बैठक में संगठन सचिव डॉ. एस.के. सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. ज्वाला प्रसाद मिश्र, सहसचिव डॉ. जयंत नाथ, निरुपमा शर्मा, वी.पी. मिश्रा, रत्नेश्वर सिंह, बस्ती अध्यक्ष डॉ. वी.के. श्रीवास्तव, जिला सचिव निरंकुश शुक्ला, डॉ. सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. भरत पाण्डेय सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।