देव फाउंडेशन के स्थापना दिवस पर सम्मानित हुईं बस्ती की प्रतिष्ठित हस्तियां, ‘बस्ती गौरव’ और ‘बस्ती भूषण’ से नवाजे गए समाजसेवी
बस्ती। समाज के विकास में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से देव फाउंडेशन ने अपने आठवें स्थापना दिवस पर सम्मान समारोह आयोजित किया। 18 अक्टूबर को होटल महारानी में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, चिकित्सा, पत्रकारिता, प्रशासन, राष्ट्रसेवा और सामाजिक कार्यों से जुड़े प्रतिष्ठित लोगों को सम्मानित किया गया। समारोह में करीब 200 गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता और राजनीतिक क्षेत्र में अपनी पहचान रखने वाले श्री राजेंद्र नाथ त्रिपाठी, राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित कर्नल के.सी. मिश्रा तथा प्रशासनिक और लेखन क्षेत्र में योगदान देने वाले सेवानिवृत्त सेल टैक्स कमिश्नर श्री कमलापति त्रिपाठी को ‘बस्ती भूषण’ सम्मान प्रदान किया गया।
वहीं, चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. डी.के. गुप्ता, शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं राजन डिग्री कॉलेज के निदेशक श्री राकेश चतुर्वेदी, कुमार स्वीट हाउस के संचालक श्री राजन गुप्ता, पुरानी बस्ती के समाजसेवी डॉ. ओमप्रकाश आर्या तथा दासिया डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र श्रीवास्तव को ‘बस्ती गौरव’ सम्मान से सम्मानित किया गया।
समारोह में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और अन्य प्रतिष्ठित नागरिकों को भी सम्मान देकर उनके योगदान की सराहना की गई।
देव फाउंडेशन के संस्थापक राम जी पाण्डेय जी ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों और सम्मानित व्यक्तित्वों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि समाज के लिए समर्पित लोगों को सम्मानित करने से दूसरों को भी जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरणा मिलती है। संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।
आयोजन में निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. वीरेंद्र त्रिपाठी, डॉ. डी.के. गुप्ता, श्री ध्रुव गुप्ता, श्री राजन गुप्ता और श्री संजय द्विवेदी एवं कुशल मंच संचालन के लिए पंकज गोस्वामी जी को सहयोग के लिए भी धन्यवाद व्यक्त किया गया। समारोह ने समाज में सकारात्मक योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।


