बस्ती (उ.प्र.)। खाद्य पदार्थों के नमूने भरने, जांच रिपोर्ट मिलने में देरी और विभागीय कार्रवाई से जुड़ी समस्याओं को लेकर आज उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों, व्यापारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें खाद्य कारोबारियों और निर्माताओं को हो रही परेशानियों को दूर करने के लिए 12 मांगें रखी गई हैं।

ज्ञापन में मांग किया गया है कि खाद्य पदार्थों का नमूना लेते समय संबंधित निर्माता को भी इसकी जानकारी दी जाए और फॉर्म की प्रति पंजीकृत डाक से भेजी जाए। संगठन ने कहा कि दुकानदार या थोक कारोबारी से बिल मिलने पर ही निर्माता को मामले में पक्षकार बनाया जाना चाहिए। ज्ञापन देने के बाद मण्डल अध्यक्ष हरिमूर्ति सिंह ‘मनोज’, प्रदेश उपाध्यक्ष परमात्मा प्रसाद मद्धेशिया ने जांच रिपोर्ट मिलने में देरी का मुद्दा उठाते हुए मांग किया कि सरकारी प्रयोगशालाएं नमूना प्राप्त होने के 14 दिन के भीतर रिपोर्ट दें। नमूना फेल होने पर दोबारा जांच की प्रक्रिया भी तुरन्त शुरू की जाए। संगठन ने यह भी मांग की कि केंद्रीय प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने से पहले खाद्य पदार्थों को नष्ट या जब्त करने की कार्रवाई न की जाए।
जिला महामंत्री आलोक दुबे ने अधोमानक और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के बीच स्पष्ट अंतर रखने, छोटे मामलों का जल्द निस्तारण करने और पूर्णकालिक न्याय निर्धारण अधिकारी नियुक्त करने की मांग किया। व्यापार मंडल ने सीलबंद पैकेटों की जांच, निजी प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई और पुराने सर्वे नमूनों की रिपोर्ट सार्वजनिक करने का मुद्दा भी उठाया। संगठन ने पैकिंग और लेबलिंग के नियमों का पालन करने वाले कारोबारियों को अनावश्यक कार्रवाई से राहत देने की मांग की। ज्ञापन सौंपने एवं प्रदर्शन के दौरान जिला संगठन महामंत्री भरत राम अग्रहरी ‘बबलू’, कोषाध्यक्ष महेन्द्र गुप्ता, नगर अध्यक्ष महेन्द्र प्रताप, नगर महामंत्री धीरेंद्र चौधरी, नगर संगठन महामंत्री डॉ. प्रदीप सिंह, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष कुलदीप श्रीवास्तव, महामंत्री सत्य प्रकाश दुबे, जिला संगठन मंत्री संजय सिंह, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष वंदना वर्मा, जिला महामंत्री गीता देवी, जिला कोषाध्यक्ष राजेश्वरी शर्मा, रावेश श्रीवास्तव, सुजीत कुमार गुप्ता, आकाश सोनी, संजय गुप्ता, अवधेश निषाद, सत्यम सिंह, मोहम्मद फुरकान, मोहम्मद नदीम, अली हुसैन, अश्विन कुमार, शुभम कुमार, सुखसागर, नितिन श्रीवास्तव, उज्ज्वल श्रीवास्तव, सौरभ श्रीवास्तव, रजनीश कुमार और त्रिलोकी नाथ सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।


