
बस्ती (सू.वि. उ.प्र.)। लखनऊ में पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत आईएएस अधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सर्किट हाउस पहुंचकर बस्ती मंडल के नए मंडलायुक्त के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया है। सर्किट हाउस पहुंचने पर उन्हें पुलिस द्वारा ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

पदभार ग्रहण करने के बाद नवागत बस्ती मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंडल के तीनों जिलों (बस्ती, सिद्धार्थनगर और संत कबीर नगर) में विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाएगा और जनसमस्याओं का मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित होगा।

इस दौरान जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर आयुक्त प्रशासन मनोज तिवारी, अपर आयुक्त न्यायिक सुरेंद्र प्रसाद यादव, संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी, उप जिलाधिकारी हिमांशु कुमार, उमाकांत तिवारी, राजेश यादव, वैयक्तिक सहायक बजरंगबली पाण्डेय एवं प्रशासनिक अधिकारी संतोष कुमार पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।





