
बस्ती (उ.प्र.)। हर्रैया विधायक अजय सिंह ने मंगलवार को लखनऊ में प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से शिष्टाचार भेंट कर विधानसभा क्षेत्र की विद्युत समस्याओं एवं विभिन्न विकास परियोजनाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में बेहतर विद्युत व्यवस्था और विकास कार्यों को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मंत्री के समक्ष रखे।

विधायक ने विक्रमजोत एवं मखौड़ा पावर हाउस में संबंधित ठेकेदारों की लापरवाही के कारण उत्पन्न हो रही विद्युत समस्याओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए इनके स्थायी समाधान तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने हर्रैया से 33 केवी परसरामपुर पावर हाउस के बाईफरकेशन कार्य को शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया। विक्रमजोत फीडर पर नए 10 एमवीए ट्रांसफॉर्मर की स्थापना के लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया। इसके अलावा विक्रमजोत ब्लॉक के केनौना में नए विद्युत उपकेंद्र की स्वीकृति पर भी आभार व्यक्त किया। दुबौलिया ब्लॉक के बरसांव में भूमि संबंधी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद उपकेंद्र निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ कराने की मांग भी की। उन्होंने बताया कि दुबौलिया के खुशहालगंज में हाल ही में 5 एमवीए ट्रांसफॉर्मर की स्थापना हुई है। नगर पंचायत हर्रैया के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। विधायक ने क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, बेहतर विद्युत आपूर्ति तथा विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया। विधायक ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का श्रेय लेना नहीं, बल्कि हर्रैया की जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग विकास कार्यों का श्रेय लेने की होड़ में लगे हैं, लेकिन जनता सब जानती है कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर किसने लगातार प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा विपक्ष को जवाब शब्दों से नहीं, विकास कार्यों से मिलेगा। उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए प्रचार का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का संकल्प है और हर्रैया का सर्वांगीण विकास ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विधायक ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार के सहयोग से क्षेत्र की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
भारत मुक्ति मोर्चा गौर ब्लाक इकाई का गठन : राम सागर प्रभारी, मो.तुफैल अध्यक्ष बने
बस्ती। मंगलवार को भारत मुक्ति मोर्चा ब्लाक स्तरीय कार्यक्रम गौर विकास खण्ड क्षेत्र के जिलेबीगंज स्थित मैरेज हाल के सभागार में आर एल गौतम की अध्यक्षता में सम्म्पन्न हुआ। बैठक में संगठन की मजबूती, जनहित के सवालों को लेकर संघर्ष तेज करने, बूथ गठन एवं वामन मेश्राम राष्ट्रीय अध्यक्ष के जुलाई में प्रस्तावित कार्यक्रम आगमन की तैयारियों पर विचार किया गया।

बैठक में सर्व सम्मत से भारत मुक्ति मोर्चा गौर ब्लाक कार्यकारिणी गठन किया गया जिसमें राम सागर ब्लाक प्रभारी, अल्तमश खान उपाध्यक्ष, कुतुबुल्लाह,मो. शाहिद सचिव ,मो खुर्शीद उपाध्यक्ष, समीर, जैद खान सदस्य घोषित किये गये। भारतीय विद्यार्थी मोर्चा ब्लाक कार्यकारिणी में मो.तुफैल अध्यक्ष, मो. इरफान उपाध्यक्ष और अब्दुल शाहिद को प्रभारी का दायित्व सौंपा गया।

बैठक को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित करते हुये हृदय गौतम ने मोर्चा की मजबूती और एकजुटता पर जोर दिया। मुख्य वक्ता मोहम्मद शमीम, राजाराम, डाक्टर सुभाष ने मोर्चा के उद्देश्य, राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक भूमिका पर प्रकाश डाला।

भारत मुक्ति मोर्चा के पूर्वांचल जोन प्रभारी आर. के. आरतियन ने कहा कि मोर्चा द्वारा निरन्तर जनहित के सवालों को लेकर मुखर संघर्ष किया जा रहा है। कहा कि मजबूत संगठन से ही लक्ष्य प्राप्त होंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





