
बस्ती (उ.प्र)। स्थानीय पचपेड़िया रोड स्थित दिल्ली पब्लिक सीनियर स्कूल एंड यूरो किड्स के प्रांगण में मंगलवार 23 जून को ज्येष्ठ मास के पावन अष्टम (आठवें) बड़ा मंगल के शुभ अवसर पर “अष्टम बड़ा मंगल महोत्सव” का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और श्रद्धा भाव के साथ किया गया। श्री हनुमत कृपा से आयोजित इस धार्मिक और सामाजिक अनुष्ठान से न केवल विद्यालय परिवार बल्कि आसपास का पूरा वातावरण पूरी तरह से शुद्ध, निर्मल और भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम की गरिमामयी शुरुआत निदेशक अमर मणि पाण्डेय एवं प्रधानाचार्या अर्चना पाण्डेय तथा डॉ. अमित नायक एवं डॉ. विनीता नायक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन और बालाजी महाराज की आरती उतारकर की। कीर्तन मंडली के भजनों पर झूमते हुए श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। सायं 7:00 बजे से प्रभु इच्छा तक चले इस कीर्तन में “जय श्री राम”, “जय हनुमान” और “जय बजरंगबली” के नारों से पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर रहा।

कीर्तन के समापन के बाद प्रभु के महाप्रसाद (विशाल भंडारे) का भव्य आयोजन किया गया। “सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है” के मूल मंत्र को चरितार्थ करते हुए विद्यालय प्रबंधन और ‘अर्चना हॉस्पिटल परिवार’ द्वारा इस भंडारे की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में न केवल विद्यालय परिवार, बल्कि बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोगों और आमंत्रित श्रद्धालुओं ने सपरिवार पधारकर प्रसाद ग्रहण किया और श्री हनुमान जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर पुण्य लाभ कमाया।

इस पावन अवसर पर सोशल डिस्टेंसिंग और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए स्कूल के समस्त कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं दीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजक अमर मणि पाण्डेय, श्रीमती अर्चना पाण्डेय, डॉ. अमित नायक, डॉ. विनीता नायक और श्री विशाल वर्मा सहित स्कूल स्टाफ के सभी सदस्यों और सम्मानित कर्मचारियों का विशेष व सराहनीय योगदान रहा।

अमर मणि पाण्डेय ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य बच्चों और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना होता है। हमारी समृद्ध संस्कृति के प्रति अच्छे संस्कार जगाना और कम्युनिटी स्पिरिट (सामुदायिक भावना) को बढ़ावा देना है। इस सफल, भव्य और मंगलमय आयोजन के लिए क्षेत्र के लोगों ने स्कूल प्रबंधन एवं अर्चना हॉस्पिटल परिवार की जमकर सराहना की।
विभागीय टेट की पहल से शिक्षकों में खुशी
बस्ती। बुधवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक जिला संयोजक देवेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में प्रेस क्लब सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में संघ के पदाधिकारियो ने जनपद के शिक्षकों की तरफ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह और राज बहादुर चंदेल को कार्यरत बेसिक शिक्षकों के लिए विभागीय टेट आयोजित कराने का आदेश करवाने के लिए धन्यवाद प्रस्ताव पारित करते हुए आभार व्यक्त किया। जिला संयोजक देवेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी पत्र के माध्यम से अपर शिक्षा सचिव बेसिक को स्पष्ट निर्देश दिए गए है कि उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार तिवारी एवं महामंत्री उमाशंकर सिंह डेरा दिनांक 06 जून 2026 को प्रस्तुत पत्र का अवलोकन कर आवश्यक कार्यवाही की जाय।

उक्त पत्र में प्राथमिक शिक्षकों को टेट में सेवा वर्ष के आधार पर वेटेज अंक प्रदान करने और विभागीय टेट आयोजित करने तथा शिक्षकों की सेवा सुरक्षित करने का अनुरोध किया गया था। जिला सह-संयोजक विजय प्रकाश चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के त्वरित एवं सकारात्मक पहल से पूरे प्रदेश के बेसिक शिक्षकों में नई आशा जागी है। इंद्रसेन मिश्र,महेश कुमार और राम भरत वर्मा ने कहा कि संगठन हमेशा शिक्षक हितों के लिए संघर्षरत है। किसी भी शिक्षक का कोई अहित नहीं होने पाएगा।
बैठक के बाद संघ पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को मांग पत्र सौंपा। जिसमें मांग की गई कि उ0प्र0 सरकार द्वारा कार्यरत बेसिक शिक्षकों के लिए स्पेशल टेट के संदर्भ में जो सूचनाएं मांगी गई है उसे अविलंब शासन को प्रेषित किया जाय। जनपद में खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा विद्यालयों में 0-10 नामांकन होने के कारण नोटिस जारी की गई है जो कि उचित नहीं है जुलाई में विद्यालय खुलने के साथ नामांकन बढ़ेगा। इसलिए किसी भी शिक्षक को अप्रैल, मई 2026 के नामांकन के आधार पर किसी शिक्षक को स्पष्टीकरण न जारी किया जाय और न ही किसी शिक्षक का जून 2026 का वेतन अवरुद्ध किया जाय। जनपद में अनेक शिक्षकों का पदोन्नति, चयन वेतनमान और वार्षिक इंक्रीमेंट आदेश जारी होने के बाद भी उनकी ई-सर्विस बुक में अबतक प्रविष्टि नहीं की गई है। तत्काल सर्विस बुक को अपडेट करने हेतु संबंधित पटल को निर्देशित किया जाय। संघ पदाधिकारियों ने मांग की कि भीषण गर्मी और हीटवेव को दृष्टिगत रखते हुए विद्यालय संचालन का समय परिवर्तित करते हुए प्रातः 7.30 बजे से अपरान्ह 12.30 तक किया जाय।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से सह संयोजक चंद्रभान चौरसिया, रमेश चंद्र चौधरी, राजेश कुमार चौधरी, गंगा प्रसाद कन्नौजिया, रामपाल, त्रिलोकी नाथ, गिरजाशंकर चौधरी, विनय करुण, अवलेंद्र पटेल, विजय कन्नौजिया, नागेन्द्र वर्मा, सतीश कुमार भारती, पंकज वर्मा विवेकानंद वर्मा और भरतराम सहित तमाम शिक्षक साथी उपस्थित रहे।





