
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में आज 108 और 102 एम्बुलेंस कर्मचारी संघ की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। भारतीय मजदूर संघ के कार्यालय में आयोजित इस बैठक में कर्मचारियों के हितों और संगठन की आगामी रूपरेखा को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य रूप से एम्बुलेंस सेवा को सुचारू रूप से चलाने और जमीनी स्तर पर काम कर रहे कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर रणनीति तैयार की गई।
वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस विशेष बैठक में भारतीय मजदूर संघ और एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया, जिनमें मुख्य रूप से शामिल रहे:
दिनेश कौशिक (राष्ट्रीय मंत्री)
रामनिवास (प्रदेश संगठन मंत्री)
सुशील पांडे (प्रदेश कोषाध्यक्ष)
रितेश शुक्ला (मंडल प्रभारी, )
कर्मचारियों की एकजुटता पर बल
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय मंत्री दिनेश कौशिक और प्रदेश संगठन मंत्री रामनिवास ने कहा कि 108 और 102 एम्बुलेंस सेवा प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ है। रात-दिन जनता की सेवा में तत्पर रहने वाले इन कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना संगठन की पहली प्राथमिकता है।
प्रदेश कोषाध्यक्ष सुशील पांडे और मंडल प्रभारी रितेश शुक्ला ने भी संगठन की मजबूती और आपसी समन्वय को बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि भविष्य में कर्मचारियों की आवाज़ को और प्रभावी ढंग से बुलंद किया जा सके।
मनवर नदी सफाई अभियान को पीएम मोदी ने सराहा, विधायक अजय सिंह की पहल का असर
बस्ती। जनपद की मनवर नदी को पुनर्जीवित करने के लिए चलाया गया सफाई एवं संरक्षण अभियान एक बार फिर चर्चा में है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इस जनभागीदारी आधारित प्रयास की सराहना रविवार को मन की बात कार्यक्रम में किए जाने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों के पुनर्जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है। मनवर नदी सफाई अभियान की शुरुआत वर्ष 2018 में विधायक अजय सिंह की पहल पर हुई थी। उनके प्रयासों के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभियान का शुभारंभ किया था। इसके बाद प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों के सहयोग से नदी की सफाई का व्यापक अभियान चलाया गया। इस अभियान से जुड़कर विधायक के गांव लजघटा के सात लड़कों ने टीम बनाकर 300 मीटर नदी की सफाई किया जिसकी प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मन की बात में जिक्र किया। लड़कों ने बताया कि उनके इस अभियान में इंस्टाग्राम पर साठ हजार फेसबुक पर पचास हजार और यूट्यूब पर बीस हजार फॉलोअर हैं। लड़कों ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

अभियान के दौरान नदी से कचरा और अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। वर्षों से उपेक्षा का शिकार रही नदी में सुधार के प्रयासों का सकारात्मक असर भी देखने को मिला है। प्रधानमंत्री की सराहना को इस अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इससे नदी संरक्षण के प्रयासों को नई ऊर्जा मिलेगी और भविष्य में भी जनसहयोग से ऐसे अभियान आगे बढ़ते रहेंगे। विधायक ने कहा कि मनवर नदी क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और जीवन का महत्वपूर्ण आधार है। वर्ष 2018 में शुरू हुआ यह अभियान जनसहभागिता की ताकत का उदाहरण बन गया है। प्रधानमंत्री द्वारा की गई सराहना से अभियान से जुड़े सभी लोगों का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने कहा कि नदी संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए आगे भी निरंतर प्रयास जारी रहेगा।





