
लखनऊ। सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक आनन्द लाल बनर्जी एवं सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक सुभाष चन्द्र गुप्ता के दुःखद निधन पर उनकी पुण्य स्मृति में पुलिस मुख्यालय में शोक सभा का आयोजन किया गया। डीजीपी यूपी राजीव कृष्ण सहित पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने दिवंगत अधिकारियों को श्रद्धा-सुमन अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी।

स्व. आनन्द लाल बनर्जी जी का चयन वर्ष 1979 में “भारतीय पुलिस सेवा” में हुआ। प्रशिक्षण के उपरान्त आप प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त रहते हुए दिनांक 31-12-2014 को पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के पद से सेवानिवृत्त हुए। लगभग 35 वर्षों से अधिक के गौरवपूर्ण सेवाकाल में आपने पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए पुलिस विभाग को गौरवान्वित किया। सेवाकाल के दौरान आपको “दीर्घ एवं सराहनीय सेवाओं के लिये पुलिस पदक” तथा “विशिष्ट सेवाओं के लिये राष्ट्रपति का पुलिस पदक” से सम्मानित किया गया।
स्व. सुभाष चन्द्र गुप्ता जी का वर्ष 1973 में “प्रान्तीय पुलिस सेवा” में चयन हुआ तथा वर्ष 1989 में “भारतीय पुलिस सेवा” में प्रोन्नत होकर आप विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त रहे। लगभग 34 वर्षों से अधिक के गौरवपूर्ण सेवाकाल में आपने पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए पुलिस विभाग को गौरवान्वित किया। सेवाकाल के दौरान आपको ‘दीर्घ एवं सराहनीय सेवाओं के लिये पुलिस पदक’ तथा ‘विशिष्ट सेवाओं के लिये राष्ट्रपति का पुलिस पदक’ से सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार दिवंगत आत्माओं की सद्गति की कामना करता है एवं शोकसंतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करता है।
धुरदा में उत्सव भवन का विधायक अजय सिंह ने किया शिलान्यास
बस्ती। हर्रैया विधानसभा के धुरदा ग्राम पंचायत में जनपद के पहले उत्सव भवन का शिलान्यास क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह ने शुक्रवार को किया। लगभग 1.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उत्सव भवन के बनने से क्षेत्र के दर्जनों गाँवों के लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा। शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अजय सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। इस उत्सव भवन के निर्माण से धुरदा सहित आसपास के गांवों के लोगों को लाभ मिल सकेगा। कहा कि अब ग्रामीणों को शादी-विवाह, सामूहिक कार्यक्रम, सामाजिक बैठकें तथा सांस्कृतिक आयोजनों में सहूलियतें मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन का निर्माण गांव के विकास का प्रतीक है।
अजय सिंह ने कहा कि इस यह भवन क्षेत्र की सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया। परशुरामपुर प्रमुख प्रतिनिधि श्रीश पाण्डेय ने कहा कि अब तक क्षेत्र में किसी बड़े सार्वजनिक भवन की सुविधा नहीं थी, जिससे लोगों को निजी स्थानों या दूसरे क्षेत्रों का सहारा लेना पड़ता था। उत्सव भवन बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी और सामाजिक कार्यक्रम व्यवस्थित ढंग से आयोजित हो सकेंगे।
इस अवसर पर मुख्य रूप से विधायक प्रतिनिधि पंडित सरोज मिश्रा, खुशीराम वर्मा प्रधान, अखिलेश सिंह, भरत सिंह, वीरू सिंह, दीपक सिंह, अवनीश सिंह, सत्येंद्र सिंह, पुरुषोत्तम तिवारी, शिवनाथ मौर्या, रामसुभावन यादव, आशीष राजभर, नरेंद्र राजभर, राजन सिंह, मनोज सिंह आदि मौजूद रहे।
माटीकला बोर्ड द्वारा बस्ती के बीस कामगारों को मुफ्त प्रशिक्षण
बस्ती (सू.वि.उ.प्र.। उप्र. माटीकला बोर्ड द्वारा ‘माटीकला कौशल विकास योजना‘ के अन्तर्गत माटीकला के 20 कारीगरों/शिल्पकारों को 15 दिवसीय शिल्पकारी प्रशिक्षण निःशुल्क दिलाया जाना है। उक्त जानकारी देते हुए जिला ग्रामोद्योग अधिकारी एल० बी० सिंह ने बताया कि ऐसे कामगार/शिल्पकार जिनके परिवार का कोई सदस्य पूर्व में किसी विभाग/संस्था द्वारा माटीकला शिल्पकारी प्रशिक्षण प्राप्त न किये हो तथा जिनकी उम्र 18 से 55 वर्ष के बीच है को निःशुल्क 15 दिवसीय शिल्पकारी प्रशिक्षण मण्डलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केन्द्र, बस्ती द्वारा दिलाया जायेगा। 15 दिवसीय शिल्पकारी प्रशिक्षण पूर्णतः आवासीय होगा तथा प्रशिक्षण अवधि में रू0 250/ दिन की दर से प्रशिक्षुवृत्ति भी प्रत्येक प्रशिक्षार्थी को प्रदान की जायेगी।
उन्होने बताया कि बस्ती के माटीकला के इच्छुक कामगार/शिल्पकार जो प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहते है आगामी 20 मई 2026 तक जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, बस्ती से सम्पर्क कर अपना ऑनलाईन आवेदन माटीकला के बेवसाइट upmatikalaboard.in पर कर सकते है। योजना के तहत एक परिवार के एक ही व्यक्ति पात्र होगे तथा जिन्हे पूर्व में इसका लाभ मिल चुका है, वे कामगार इसके पात्र नही होंगें। कार्यालय में ऑनलाईन आवेदन फार्म की हार्ड कापी जमा करते समय स्वंय का पासपोर्ट साईज एक फोटो, आधार, जाति, निवास, शैक्षिक योग्यता का प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, बैंक पासबुक की छाया प्रति जमा करना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि विस्तृत जानकारी हेतु कार्यालय में कार्यालय अवधि में सम्पर्क किया जा सकता है। अधिक जानकारी हेतु मोबाइल नं0-7239005969, एंव 9044610496 पर सम्पर्क कर सकते है।





