
अयोध्या। पश्चिम बंगाल नव निर्वाचित मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पूर्व पीए चंद्रनाथ रथ हत्या मामले में पुलिस ने अयोध्या से एक और बिहार से दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अयोध्या से जिस शूटर को गिरफ्तार किया है, उसकी पहचान राज सिंह के रूप में हुई है। राज मूल रूप से बलिया के आनंद नगर इलाके का रहने वाला है। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में अब तक कुल 3 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। शूटर राज के घर के गेट पर ताला जड़ा हुआ था। वहीं घर के बाहर बुलेट और स्कॉर्पियो खड़ी मिली।
ठाकुर राज सिंह के फेसबुक प्रोफाइल की बात करें तो उसने अपने बायो में खुद को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा का उत्तर प्रदेश महासचिव बताया है। साथ ही उसने यह भी बताया कि साल 2026 में उसका लक्ष्य चिलकहर का ब्लॉक प्रमुख बनना है। उसने अपनी पढ़ाई महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से की है। उसने खुद को सोशल वर्कर भी बता रखा है। उसके कई रील भी वायरल हैं, जिसमें वह लाव लश्कर के साथ चलता हुआ नजर आ रहा है।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड के मामले में बलिया निवासी राज सिंह को अयोध्या नगर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से देर रात गिरफ्तार किया गया। आरोपी राज सिंह लखनऊ से गोरखपुर की तरफ जा रहा था, तभी कोलकाता पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी इस मामले पर कुछ भी बोलने या स्वीकारने से साफ मना कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक हाई प्रोफाइल मर्डर केस में कुल तीन आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी हुई है।





