
बस्ती (उ. प्र.)। असम प्रभारी एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट कर बस्ती की रेलवे से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं एवं मांगों को प्रमुखता से उठाया।

हरीश द्विवेदी ने जनपद की जनता की ओर से रेल मंत्री के सामने रेलवे में सुधार और जन सुविधाओं से सम्बन्धित कई मांगें रखीं। उन्होंने बस्ती रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 1, 2 एवं 3 पर यात्रियों की संख्या को देखते हुए छाजन (शेड) की लंबाई बढ़ाये जाने,
प्लेटफार्म संख्या 1 की लंबाई एवं चौड़ाई का विस्तार किये जाने, स्टेशन के पश्चिमी दिशा में स्वीकृत फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारम्भ कराये जाने, वर्तमान फुट ओवर ब्रिज संकरा होने के कारण यात्रियों को असुविधा होती है, अतः इसे चौड़ा एवं आधुनिक बनाये जाने की मांग की है। श्री द्विवेदी ने गोरखपुर से मुंबई के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन संख्या 01080 (जिसे वर्तमान में बंद कर दिया गया है) पुनः संचालित करने, बस्ती – अयोध्या एवं बस्ती – सिद्धार्थनगर नए रेल मार्ग (जिसका सर्वे पूर्ण हो चुका है) के निर्माण कार्य में शीघ्रता लाए जाने की भी मांग की। उन्होंने बस्ती रेलवे स्टेशन का अमृत भारत योजना के अंतर्गत चल रहे कायाकल्प कार्य की धीमी प्रगति को तेज करते हुए इसे शीघ्र पूर्ण कराये जाने की मांग की है।
हरीश द्विवेदी ने बस्ती एवं मुण्डेरवा में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के कार्यों को तेज गति से पूरा किया जाने की भी मांग की। उन्होंने बभनान रेलवे स्टेशन पर आम्रपाली एक्सप्रेस (15909-10) एवं अवध असम एक्सप्रेस (15707-08) का ठहराव सुनिश्चित किया जाने की भी मांग किया। गौर रेलवे स्टेशन पर रेल आरक्षण सुविधा शुरू किये जाने, यात्रियों हेतु वाटर कूलर की व्यवस्था करने एवं प्लेटफॉर्म का विस्तार किये जाने की मांग की। उन्होंने मुण्डेरवा रेलवे स्टेशन पर मुंबई के लिए किसी और भी ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित किये जाने की मांग की।
हरीश द्विवेदी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मांग किया कि सांसद खेल महाकुंभ के दौरान किए गए अनुरोध के क्रम में रेलवे के किसी पीएसयू के सीएसआर मद से बस्ती स्टेडियम के चारों ओर सिंथेटिक ट्रैक एवं रात्रि खेल हेतु फ्लड लाइट की व्यवस्था कराई जाए।
मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु अपने सचिव के माध्यम से निर्देशित किया। श्री द्विवेदी ने विश्वास व्यक्त किया कि इन मांगों के पूर्ण होने से जनपद बस्ती की जनता को रेलवे सुविधाओं में बड़ा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
अनिल त्रिपाठी बने कांग्रेस लेबर सेल के जिलाध्यक्ष
बस्ती। वरिष्ठ कांग्रेसी अनिल कुमार त्रिपाठी को टीम राहुल गांधी लेबर सेल का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय सचिव शेख मोहम्मद नईम ने श्री त्रिपाठी को नियुक्ति पत्र देते हुये कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने की अपेक्षा व्यक्त की है। इसके साथ ही माह भीतर जिला कमेटी गठित करने का निर्देश दिया गया है। न्याय मार्ग पर आयोजित एक कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये पूर्व जिलाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पाण्डेय ‘ज्ञानू’ ने कहा अनिल कुमार त्रिपाठी कांग्रेस के समर्पित सिपाही हैं।

मो. रफीक खां ने कहा अनिल त्रिपार्ठी की कार्य करने की ऊर्जा और पार्टी के प्रति उनका समर्पण निश्चित रूप कांग्रेस को मजबूती देगा। उन्होने नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुये श्री त्रिपाठी के सफल राजनीतिक भविष्य की कामना की है।

राकेश पाण्डेय गांधियन व गिरजेश पाल ने कहा पार्टी नेतृत्व ने निष्ठावान कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है। अनिल त्रिपार्ठी पार्टी हित मे कार्य करते हुये जनपद मे कांग्रेस को मजबूत करेंगे। अतीउल्लाह सिद्धीकी ने भी अनिल त्रिपाठी को शुभकामनायें दिया है।

कार्यक्रम के अंत मे अनिल कुमार त्रिपाठी ने कांग्रेस नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुये पार्टी को मजबूत करने के लिये हर संभव कोशिश का भरोसा दिलाया है। उन्होने पार्टी नेताओं द्वारा सम्मानित किये जाने व शुभकामनायें देने पर उनके प्रति कृतज्ञता जाहिर किया है। मौके पर अवधेश सिंह, साधूसरन आर्या, गंगा मिश्रा, राजेन्द्र गुप्ता, सुनील पाण्डेय, लक्ष्मी यादव, डीएन शास्त्री, आशुतोष पाण्डेय, देवेन्द्र पाण्डेय, शकुन्तला देवी, महबूब आलम, मंजू पाण्डेय, साधू पाण्डेय आदि मौजूद रहे।




