
बस्ती (उ. प्र.)। “सनातन धर्म से ही राष्ट्र की रक्षा, गोमाता ही राष्ट्रमाता का स्वरूप” — इस सशक्त संदेश के साथ शहर के राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में रविवार को सनातन धर्म संवाद का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम में ज्योतिष्मठ पीठाधीश्वर परमपूज्य जगद्गुरु स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ।

अपने उद्बोधन में शंकराचार्य जी ने कहा कि सनातन धर्म ही भारत की आत्मा है और इसकी रक्षा के बिना राष्ट्र की सुरक्षा संभव नहीं है।

उन्होंने गोसेवा को सर्वोच्च धर्म बताते हुए कहा कि गोमाता भारतीय संस्कृति, स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। “गोमाता की रक्षा ही राष्ट्रमाता की सच्ची सेवा है,” उन्होंने स्पष्ट कहा।

कार्यक्रम में धर्म, राष्ट्र, कुल परम्परा, गुरु चयन एवं वर्तमान सामाजिक चुनौतियों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न पण्डित वेद प्रकाश, डॉ शैलेश सिंह, डॉ आलोक पाण्डेय, आचार्य देवर्षि त्रिपाठी, आशीष शुक्ल सैनिक द्वारा पूछे गए, जिनका समाधान शंकराचार्य जी ने विस्तारपूर्वक दिया।

उन्होंने कहा कि धर्मानुसार जीवन जीना ही व्यक्ति, परिवार और राष्ट्र की उन्नति का मूल आधार है।

शंकराचार्य जी के नगर आगमन पर कलवारी, नगर बाजार, फुटहिया चौराहा, बड़े बन चौराहा एवं रोडवेज सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल मिश्र, राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

आयोजन का शुभारंभ आचार्य वेदप्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में मंगलाचरण से हुआ तथा प्रशांत पाण्डेय दीपा पाण्डेय द्वारा पादुका पूजन किया गया।

स्वागत भाषण प्रशांत पाण्डेय प्रदेश अध्यक्ष, ब्राह्मण महासभा ने दिया, जबकि आभार ज्ञापन प्रशान्त पाण्डेय प्रबन्धक, प्रॉक्सिस विद्यापीठ ने किया। कार्यक्रम का संचालन पण्डित पंकज त्रिपाठी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य समाज में सनातन मूल्यों का संरक्षण, गोसेवा के प्रति जागरूकता एवं नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ना बताया गया।

आकाश पाण्डेय, दीपक पांडेय, आनंद मिश्र, अनिल मिश्र, दिनेश त्रिपाठी, प्रियांक शुक्ल, अवनीश शुक्ल, अनुराग शुक्ल, रणवीर शुक्ल, दिवाकर तिवारी, आनंद उपाध्याय, बृहस्पति मणि त्रिपाठी, राकेश पाण्डेय, जेपी मिश्र, मनीष पाण्डेय, अंकित पाण्डेय, उदय पाण्डेय, सौरभ त्रिपाठी, अनुपम शुक्ला, उत्कर्ष त्रिपाठी, शिवम तिवारी, लवकुश यादव, अखिल पाण्डेय, हर्षित त्रिपाठी, प्रणव त्रिपाठी, उत्कर्ष पाण्डेय आदि सहित हजारों लोग उपस्थित रहे।






