प्रकाशनार्थ
बस्ती। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर में कार्यरत वरिष्ठ क्षयरोग प्रयोगशाला पर्यवेक्षक शिवशंकर के हृदयगति रुक जाने से आकस्मिक निधन पर आज सीएचसी बहादुरपुर परिसर में शोकसभा का आयोजन किया गया। उनके असामयिक निधन से स्वास्थ्य विभाग एवं राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़े कर्मचारियों में शोक की लहर है। शोकसभा में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकसंतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सीएचसी अधीक्षक डा पवन वर्मा ने कहा कि शिवशंकर का असामयिक निधन स्वास्थ्य विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। वह अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाले एक महत्वपूर्ण सहयोगी थे। उनका इस तरह अचानक चले जाना अत्यंत दुखद है।
टीबीसेवा के जिलाध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि शिवशंकर केवल एक सहकर्मी ही नहीं, बल्कि हम सभी के अभिन्न सहयोगी थे। उनके निधन से कर्मचारी परिवार ने अपना एक साथी खो दिया है। वर्षों तक साथ काम करने के दौरान बने आत्मीय रिश्तों को भुला पाना आसान नहीं है। उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।
संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के मंडल संयोजक संजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि शिवशंकर के आकस्मिक निधन की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। वह राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत अपनी सेवाएं दे रहे थे और सहकर्मियों के साथ उनका आत्मीय जुड़ाव था। उनका यूं अचानक चले जाना हम सभी के लिए गहरा आघात है। किसी अपने का इस तरह बिछड़ जाना ऐसी पीड़ा देता है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
एसटीएलएस मनोज बरनवाल ने कहा कि शिवशंकर के साथ काम करने के दौरान अनेक यादें जुड़ी हुई हैं। उनके आकस्मिक निधन से सहकर्मियों के बीच जो खालीपन आया है, उसे भर पाना कठिन है। कार्यस्थल पर साथ बिताए पल और उनका सहयोग हमेशा याद आएगा। उन्होंने कहा कि शिवशंकर का निधन व्यक्तिगत रूप से भी अत्यंत दुखद है।
शोकसभा में संदीप श्रीवास्तव, अभय कुमार पाण्डेय, अवनीश श्रीवास्तव, भूखण्ड प्रताप चौरसिया, गिरीश चंद्र गुप्ता, दुर्गेश उपाध्याय, गौहर अली, अब्दुल सईद, जगन्नाथ चौरसिया, अमित कुमार, यादवेन्द्र यादव, आलोक त्रिपाठी, अशरफ अली, सचेत यादव, ध्रुप यादव, संदीप कुमार, आशुतोष कुमार, शिव कुमार मिश्र, अफजल हुसैन, शिव भूषण श्रीवास्तव, आरिफ खान, सहाबुद्दीन, अरविंद कुमार, मोहम्मद सऊद, रतनदीप, धर्मेन्द्र यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
सभी उपस्थित लोगों ने दिवंगत शिवशंकर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।


