
प्रयागराज (उ.प्र.)। जनपद के हंडिया थाना क्षेत्र में पन्द्रह सितंबर मंगलवार शाम बाइक सवार बेखौफ हमलावरों ने समाजवादी पार्टी के जिला सचिव को गोली मार दी। घायल सपा नेता को लोगों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने सपा नेता को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरु कर दी है। हत्यारे फरार होने में कामयाब रहे। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं।

मृतक सपा नेता की पहचान मुंगराव गांव के पवन यादव के रूप में हुई है। मृतक समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और पूर्व प्रधान भी थे। पवन यादव की हत्या से परिजनों में चीख पुकार मची हुई है। बड़ी संख्या में समर्थक और समाजवादी पार्टी के नेता व कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए हैं। डीसीपी गंगानगर जोन कुलदीप सिंह गुनावत के मुताबिक, परिजनों से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जाएगी। उनके मुताबिक घटना के संबंध में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। डीसीपी ने कहा कि सपा नेता पवन यादव की हत्या किस वजह से हुई है, इसका भी पता लगाया जा रहा है। उनके मुताबिक एक बाइक पर सवार तीन हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है। डीसीपी के मुताबिक परिजनों ने किसी से रंजिश की कोई आशंका नहीं जताई है। उनके मुताबिक परिजनों से पूछताछ की जा रही है। परिजनों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
डिप्टी पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि हमलावरों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है। पुलिस की टीमों को मौके का सीसीटीवी फुटेज हाथ लगा है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जो तथ्य सामने आएंगे पुलिस मामले में अग्रिम कार्यवाही करेगी। मृतक के भाई ब्रजेश यादव का कहना है कि किसी के बुलाने पर वह घर से निकले थे। मृतक के भाई का कहना है कि किसके बुलाने पर वह गए थे पुलिस इस बात का पता लगा रही है। उन्होंने यह भी कहा है कि बाइक पर सवार तीन हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया है, लेकिन किसी पारिवारिक रंजिश से इनकार किया है। युवा सपा नेता की हत्या पर समाजवादी पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता निधि यादव ने भी प्रदेश की कानून व्यवस्था पर हमला बोला है। उन्होंने सपा नेता की हत्या में शासन प्रशासन की मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। उन्होंने हमलावरों को तत्काल गिरफ्तार किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में अपराधी भागे नहीं हैं, बल्कि और अपराधी आ गए हैं। उन्होंने पीड़ित परिजनों के लिए न्याय की मांग की है।

(राजाराम यादव पूर्व जिलाध्यक्ष बस्ती)
समाजवादी पार्टी बस्ती के पूर्व जिलाध्यक्ष राजाराम यादव ने पवन यादव की हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि प्रयागराज समाजवादी पार्टी के जिला सचिव पूर्व प्रधान पवन यादव की दिन दहाड़े हंडिया थाना से मात्र 100 मीटर की दूरी पर अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दिया। गोण्डा में बिनोद साहनी, अयोध्या में राम लगन मौर्या की हत्या आदि घटनाओं में बेखौफ लोगों का मनोबल कैसे बढ़ा हुआ है। यूपी में लगातार पीडीए समाज के लोगों की हत्याएं हो रही है आख़िर सुरक्षित क़ानून व्यवस्था किधर है? जीरो टॉलरेंस की सरकार में गुनहगार किसके संरक्षण में हैं।




