
लखनऊ। लखनऊ में हिंदू युवा वाहिनी के नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह की अपहरण और हत्या की खबर गलत है। धीरेंद्र प्रताप ने खुद सामने आकर कहा कि वह जीवित और सकुशल हैं और मीडिया की खबरों का खण्डन किया है। उन्होंने मीडिया से खबर की पुष्टि करने की अपील की है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में तीस अगस्त रविवार को धीरेन्द्र प्रताप नाम शख्स की अपहरण के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई और लाश नहर में मिली। नाम और हुलिया कुछ मिलता जुलता होने के कारण यह विरोधाभास का संकट उत्पन्न हुआ। बता दें कि हिन्दू युवा वाहिनी के लखनऊ मण्डल प्रभारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह पूरी तरह स्वस्थ और सकुशल हैं। जिनकी हत्या हुई है वो इसी नाम के दूसरे व्यक्ति हैं जो उन्नाव के निवासी हैं। इस हत्याकांड की खबर से देश भर हड़कंप मच गया।

एक तरफ जहां पुलिस ने हत्या के मामले की जांच शुरु की तो वहीं दूसरी ओर मृतक को मीडिया और सोशल मीडिया पर हिंदू युवा वाहिनी का नेता बताया जा रहा था। उत्तर प्रदेश से लेकर देशभर में तेजी से चर्चा का विषय बने इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब शाम होते-होते हिंदू युवा वाहिनी के लखनऊ मंडल प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। इस वीडियो में हिंदू युवा वाहिनी के लखनऊ मंडल प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने ये बयान दिया कि मैं जिंदा हूं और टीवी पर अपनी मौत की खबर देख रहा हूं।
‘मैं जीवित हूं और सकुशल हूं’
हिंदू युवा वाहिनी के लखनऊ मंडल प्रभारी धीरेन्द्र प्रताप ने अपने वायरल हुए वीडियो में कहा कि ‘मैं जीवित हूं, सकुशल हूं’। इसके आगे उन्होंने कहा कि ‘कुछ न्यूज़ चैनल्स ने जल्दबाज़ी में एक धीरेंद्र प्रताप सिंह जो उन्नाव के रहने वाले थे, उनकी दुखद हत्या को हमसे जोड़कर चला दिया। इतना ही नहीं, हमारा फोटो तक चला दिया, हिंदू युवा वाहिनी भी चला दिया, हिंदूवादी नेता भी चला दिया’।
एक घंटे में आए 200 फोन
अपने बयान में हिंदू युवा वाहिनी के नेता धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि घटना के बाद से लगातार मेरे पास इतने फोन आ रहे हैं कि पिछले घंटे भर में 200 फ़ोन करीब उठाए हैं और पहली लाइन यही रही कि ‘मैं ज़िंदा हूं भाई अभी।’ उन्होंने कहा कि सामने टीवी चल रही है और मैं बैठकर अपनी मौत का खबर देख रहा हूं’। धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि चैनल्स से आग्रह है कि कृपया कम से कम खबरों की पुष्टि कर लें। इस वजह से बैठे-बैठे एक आदमी का जीवन डिस्टर्ब हो जाता है।
ये है सही मामला
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके से धीरेन्द्र प्रताप सिंह नामक व्यक्ति की अगवा कर हत्या कर दी गई। 30 अगस्त रविवार शाम करीब 5 बजे उनका शव दुबग्गा के सराय प्रेमराज नगर स्थित छोटी नहर से बरामद हुआ। ये मूल रूप से उन्नाव के रहने वाले थे। शुरुआती जांच में हत्या की वजह उन्नाव में जमीनी विवाद का मामला सामने आया है। इस हत्याकांड में उनकी पत्नी ने धीरेंद्र के ड्राइवर पर विरोधियों के साथ मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने ड्राइवर समेत दो संदिग्धों को हिरासत में लिया, और उनसे पूछताछ शुरु की है।

(ये हैं उन्नाव निवासी धीरेन्द्र प्रताप सिंह, जिनकी लाश मिली)
सराय प्रेमराज नगर स्थित छोटी नहर में शाम करीब 5 बजे राहगीरों ने एक व्यक्ति का शव औंधे मुंह पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकाला और शिनाख्त की कोशिश शुरू की। पुलिस ने शव की फोटो सोशल मीडिया और पुलिस ग्रुप में शेयर की। इसी दौरान सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज धीरेंद्र की रिपोर्ट से फोटो का मिलान किया गया। इसके बाद शव की पहचान धीरेंद्र प्रताप सिंह के रूप में हुई। नाम एक ही होने और चेहरा मिलता जुलता होने के कारण यह भ्रम और अफरा तफरी की स्थिति अधिक उत्पन्न हो गई थी। जिसके कारण हिन्दू युवा वाहिनी के लखनऊ मण्डल अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह को सामने आकर सफाई देनी पड़ी।

(प्रापर्टी डीलर धीरेन्द्र जिनकी हत्या के बाद नहर में मिली लाश)
बता दें कि लखनऊ में 35 साल के प्रॉपर्टी डीलर धीरेंद्र प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई।30 अगस्त रविवार शाम 5 बजे उनका शव जिला मुख्यालय से करीब 22 किमी दूर दुबग्गा में एक छोटी नहर से बरामद हुआ। उनके माथे और सीने पर गोली के निशान मिले। उन्नाव के रहने वाले धीरेंद्र महाराणा प्रताप चैरिटेबल फाउंडेशन के अध्यक्ष थे और प्रॉपर्टी व ट्रांसपोर्ट का काम करते थे। वे लखनऊ में पीजीआई इलाके में रहते थे। पत्नी ने शनिवार को रिपोर्ट लिखाई थी। आरोप लगाया था कि ड्राइवर ने अपने साथियों के साथ मिलकर धीरेंद्र को अगवा कर लिया है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह उन्नाव की करीब 50 करोड़ कीमती जमीन को लेकर विवाद सामने आया है। धीरेंद्र ने इसकी शिकायत सीएम योगी को लेटर लिखकर की थी। पुलिस ने ड्राइवर रवि तिवारी समेत दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में ड्राइवर ने हत्या की बात कबूल की है।





