
बस्ती (उ.प्र.)। जनपद के कलवारी थाना क्षेत्र के एक गांव में एक पिता पर अपनी दो नाबालिग बेटियों से दुष्कर्म का आरोप लगा है। मां की तहरीर पर पुलिस ने कलियुगी बाप के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। पीड़ित बच्चियों का नौ जुलाई गुरुवार को मेडिकल परीक्षण कराया गया, और उनके बयान दर्ज किए गए। जानकारी मिली है कि आरोपी पिता मूल रूप से अंबेडकरनगर जनपद का निवासी है।
वह अपनी पत्नी और 15 व 16 वर्षीय दो बेटियों के साथ कलवारी थाना क्षेत्र के एक गांव में झोपड़ी में रहता है। महिला ने पुलिस को बताया कि वे दो अलग-अलग झोपड़ियों में रहते थे। उसकी अनुपस्थिति में पति अपनी बेटियों की झोपड़ी में जाकर उनके साथ दुष्कर्म करता था। बेटियों को इतना डराया-धमकाया गया था कि वे डर के मारे चुप रहती थीं। 14 जून को पिता कहीं गया था तो बेटियों ने उसके कुकृत्य की जानकारी दी। कलवारी के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि मामले की आगे की विवेचना जारी है। इस घटना से जनता में भारी आक्रोश है। इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना में पापी पिता को कड़ी सजा दिये जाने की मांग की जा रही है। आरोपी पिता फरार है। पुलिस की टीमें संभावित स्थानों पर उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।



