
बस्ती (उ.प्र.)। मुख्यमंत्री के जनपद आगमन से पूर्व भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता चन्द्रमणि पाण्डेय ‘सुदामा’ ने आरोप लगाया है कि पुलिस प्रशासन ने उन्हें उनके आवास पर ही रोक दिया, जिसके कारण वह मुख्यमंत्री के स्वागत कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उनका कहना है कि स्वागत कार्यक्रम में उनकी जिम्मेदारी भी निर्धारित की गई थी।
चन्द्रमणि पाण्डेय का दावा है कि उनकी ओर से किसी प्रकार के विरोध-प्रदर्शन की कोई योजना नहीं थी। उनका उद्देश्य केवल मुख्यमंत्री को मनोरमा नदी की सफाई, अतिक्रमण हटाने तथा क्षेत्र में दो – दो टोल प्लाजा से जुड़ी जनसमस्याओं के संबंध में एक ज्ञापन सौंपना था। उन्होंने प्रश्न उठाते हुए कहा कि यदि सत्तारूढ़ दल का एक कार्यकर्ता और जिला कार्यसमिति सदस्य भी मुख्यमंत्री के समक्ष जनहित के मुद्दे नहीं रख सकता, तो यह चिंताजनक स्थिति है। उनका आरोप है कि ज्ञापन सौंपने से पहले ही उन्हें रोकना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े करता है और इससे यह आशंका भी पैदा होती है कि कहीं प्रशासन जनहित से जुड़े किसी मुद्दे को सामने आने से रोकना तो नहीं चाहता। चन्द्रमणि पाण्डेय ने बताया कि वह वर्ष 2012 से मनोरमा नदी के संरक्षण, सफाई, अतिक्रमण मुक्ति तथा टोल संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्होंने धरना-प्रदर्शन किए, न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और स्वयं नदी में उतरकर सफाई अभियान भी चलाया। उनके अनुसार उनका उद्देश्य कभी राजनीतिक लाभ प्राप्त करना नहीं रहा, बल्कि जनहित, पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र की आस्था की रक्षा करना रहा है।
उन्होंने कहा कि जो लोग उनके आंदोलन को राजनीति से जोड़कर देखते हैं, वह उनका दृष्टिकोण हो सकता है, लेकिन उनके लिए यह केवल जनता के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का दबाव, प्रतिबंध या प्रशासनिक कार्रवाई उन्हें जनहित के मुद्दों को उठाने से रोक नहीं सकती। उन्होंने यह भी कहा कि यदि वह मुख्यमंत्री के स्वागत कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए, तो जनता स्वयं देखेगी कि मनोरमा नदी और दोहरे टोल जैसे महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों पर कौन आवाज़ उठाता है। साथ ही उन्होंने आगामी चुनावों में टिकट के दावेदारों से भी अपेक्षा जताई कि वे जनसेवा को केवल पद प्राप्त करने का माध्यम न मानें, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करें।


