
बस्ती सदर में ‘खेत बचाओ अभियान-2026’: किसानों को सिखाए गए मृदा संरक्षण और वैज्ञानिक खेती के गुर
बस्ती (उ.प्र.)। ‘खेत बचाओ अभियान–2026’ के तहत विकास खंड बस्ती सदर की ग्राम पंचायत चंदोखा और बनकटा में एक विशेष किसान जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्थानीय किसानों को मिट्टी की सेहत (मृदा स्वास्थ्य), प्राकृतिक संसाधनों के सही उपयोग और पोषण सुरक्षा के प्रति सचेत करना था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित कृषि विज्ञान केंद्र बस्ती के वैज्ञानिक डॉ. वी. बी. सिंह और डॉ. अंजली वर्मा ने किसानों को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल कृषि तकनीकों की महत्वपूर्ण जानकारी दी।

वैज्ञानिकों ने मिट्टी की जांच के आधार पर खाद डालने (मृदा परीक्षण आधारित उर्वरक प्रबंधन), प्राकृतिक खेती अपनाने, पानी बचाने और जैविक संसाधनों के सही तालमेल पर जोर दिया। उन्होंने समझाया कि संतुलित मात्रा में खाद के इस्तेमाल से न सिर्फ जमीन की उपजाऊ क्षमता बची रहती है, बल्कि खेती की लागत में भी कमी आती है।

इस जागरूकता कार्यक्रम में एडीओ (कृषि) श्री दिलीप चौधरी, एटीएम, बीटीएम, स्थानीय ग्राम प्रधान, प्रगतिशील किसान, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में एक प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित हुआ, जहां किसानों ने कृषि और पोषण से जुड़े अपने सवालों के जवाब विशेषज्ञों से प्राप्त किए।
22 परीक्षाओं में 11514 पीडीए आरक्षित सीटों की सुनियोजित लूट – महेन्द्रनाथ यादव
बस्ती। समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष और बस्ती सदर विधायक महेन्द्रनाथ यादव ने बुधवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार लोगों के बेटे, बेटियों और बहुओं से उनका संविधान प्रदत्त आरक्षण का अधिकार छीनकर आरक्षित सीटों की लूट कर रही है। समाजवादी पार्टी द्वारा पीडीए आरक्षण घोटाला आडिट अंक 1 से तथ्यवार विवरण देते हुये महेन्द्रनाथ यादव ने कहा कि प्रदेश के 22 परीक्षाओं में 11514 पीडीए आरक्षित सीटों की सुनियोजित लूट किया गया है। पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुये सपा जिलाध्यक्ष महेन्द्रनाथ यादव ने संविधान बचाओ, आरक्षण बचाओ पर जोर देते हुये कहा कि भाजपा की सरकार में संवैधानिक संस्थाओं और बाबा साहब द्वारा दिये गये अधिकारों की नियुक्तियों में खुला उल्लंघन हो रहा है। कहा कि सपा अब ‘पीडीए ऑडिट अंक-1’ के माध्यम से नियुक्तियों में लूट मामलों को जनता के बीच ले जाएगी। 
उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में विभिन्न सरकारी भर्तियों में आरक्षित वर्गों के अधिकारों का खुला हनन किया गया है और आरक्षण नियमों की अनदेखी कर नियुक्तियां की गई हैं। उन्होने ‘पीडीए ऑडिट अंक-1’ का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2019 की 69 हजार शिक्षक भर्ती में 7,933 पदों पर अनियमितता हुई। इसके अलावा वन एवं वन्यजीव रक्षक भर्ती में 88 पद, बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय की भर्ती में पांच पद तथा ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती में 223 पदों पर आरक्षण नियमों का पालन नहीं किया गया। इसी प्रकार से लेखपाल भर्ती, ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती, लेखपाल भर्ती, आशु लिपिक भर्ती, नेत्र परीक्षण अधिकारी भर्ती, पशु चिकित्सक भर्ती,, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी भर्ती सहित अनेक नियुक्तियों में आरक्षण नियमों का पालन न करके पीडीए से उनका अधिकार छीना गया।
सपा जिलाध्यक्ष महेन्द्रनाथ यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने योजनाबद्ध तरीके से पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के अधिकारों को प्रभावित किया है। कहा कि पार्टी इस पुस्तक को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाएगी, ताकि लोगों को भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं और आरक्षण से जुड़े मुद्दों की जानकारी मिल सके। कहा कि समाजवादी पार्टी हर उस मुद्दे के खिलाफ है जो संविधान की भावना और देश की एकता-अखंडता के विपरीत हो। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखती है तथा सरकार की नीतियों और कथित विफलताओं को लगातार जनता के बीच ले जाने का काम करती रही है।
प्रेस वार्ता के दौरान विधायक राजेन्द्र चौधरी, कविंद्र चौधरी ‘अतुल’ दयाशंकर मिश्र, जावेद पिण्डारी, अरविन्द सोनकर सहित समाजवादी पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।



