
बलिया (उ. प्र.)। जनपद की बैरिया तहसील में तैनात एसडीएम आलोक प्रताप सिंह इन दिनों एक असामान्य घटना को लेकर चर्चा में हैं। पालतू कुत्ते के काटने से उनके दोनों हाथ गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके कारण वह हस्ताक्षर करने में असमर्थ हो गए। मजबूरी में उन्होंने जिलाधिकारी को भेजे गए अवकाश आवेदन पत्र पर हस्ताक्षर की जगह अंगूठा लगाकर छुट्टी की मांग की।
एसडीएम आलोक प्रताप सिंह ने 5 मार्च को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह को पत्र लिखकर अवगत कराया कि एक पालतू कुत्ते ने उनके दोनों हाथों में काट लिया है, जिससे गहरे घाव हो गए हैं। स्थानीय डॉक्टर से उपचार कराने के बावजूद घाव से खून का रिसाव रुक नहीं रहा है और तेज दर्द बना हुआ है। इस स्थिति में वह अपने दैनिक प्रशासनिक कार्यों का निर्वहन करने में असमर्थ हैं। अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए किसी विशेषज्ञ डॉक्टर और उच्चस्तरीय चिकित्सा संस्थान में इलाज कराने की सलाह दी है। इसी कारण उन्होंने 6 मार्च से 13 मार्च तक अवकाश देने तथा मुख्यालय छोड़ने की अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि एसडीएम के हाथों में चोट और प्लास्टर होने के कारण वह हस्ताक्षर नहीं कर पा रहे थे, इसलिए उन्होंने आवेदन पत्र पर अंगूठा लगाया। डीएम ने उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए आठ दिन का अवकाश स्वीकृत कर दिया है। गौरतलब है कि आलोक प्रताप सिंह 2023 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं और जनवरी 2026 में कुछ विवादों को लेकर भी सुर्खियों में रहे थे।





