(मनीष श्रीवास्तव ‘अंकुर’)
बस्ती (उ. प्र.)। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में मुकदमे की रंजिश के कारण आज सायं अधिवक्ता को अगवा कर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे में कोहराम मच गया। बस्ती जिला अस्पताल में डॉक्टर द्वारा अधिवक्ता चन्द्र शेखर यादव को मृत घोषित किये जाने के बाद खूब हंगामा हुआ। उनकी पत्नी उमा यादव और परिजनों ने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल में ही धरने पर बैठ गयीं। पुलिस ने आनन फानन में एक आरोपी रंजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है।
(अधिवक्ता चन्द्र शेखर यादव – फाइल फोटो)
जानकारी के मुताबिक अधिवक्ता चन्द्र शेखर यादव कप्तानगंज थाने के बेदौलिया अजायब के निवासी थे। वे सायं करीब सात बजे एक अन्य व्यक्ति के साथ कप्तानगंज बाजार से अपनी बोलेरो से गांव जा रहे थे। तभी हर्रैया थाना क्षेत्र के नारायण पुर तिवारी गांव के पास कुछ लोगों ने बोलेरो को ओवरटेक कर चन्द्र शेखर यादव को स्कार्पियो में बैठाकर अगवा कर लिया। बाद में वाल्टरगंज थाने के गनेशपुर पुलिस चौकी के निकट चौरवा गांव के पास उन्हें खून से लथपथ हालत में पाया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें गाड़ी से नीचे उतार कर कुचल दिया गया है, जिससे घटना को मार्ग दुर्घटना का रुप दे दिया जाय।
(पति के मौत की खबर सुनकर बेसुध हुई पत्नी उमा यादव)
कुछ लोगों का कहना है कि वकील चन्द्र शेखर यादव को मरणासन्न हालत में चौरवा में छोड़कर जा रहे हत्यारों ने कुछ दूर जाने के बाद फिर वापस आकर उन्हें दुबारा कुचला। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची डायल 112 ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
बताया जा रहा कि अधिवक्ता चन्द्र शेखर यादव की बहन का उसके ससुराल से पारिवारिक विवाद था, जिसका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। मुकदमे की पैरवी वे स्वयं करते थे। जिससे बहन के ससुराल वालों ने खूनी रंजिश बना दिया और उन्हें अगवा कर बेरहमी से हत्या कर दी। अस्पताल में पति की मौत की खबर सुनते ही वकील की पत्नी उमा यादव दहाड़ें मारकर बदहवास हो गयी। बाद में ट्रामा सेन्टर पर ही लाश रखकर कार्यवाही और गिरफ्तार किये जाने की मांग को लेकर धरना शुरु कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने जिले की सीमाओं की सघन जांच शुरु कर दी और आनन फानन में एक हत्यारोपी रंजीत यादव को धर दबोचा। वकील को अगवा करने और हत्या करने में उनकी बहन के पति,जेठ, जेठ के लड़कों और कुछ अन्य लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं। गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। जिला चिकित्सालय में भी अधिकारियों ने पहुंचकर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया है और एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया।