
बस्ती (उ. प्र.)। स्थानीय अमहट घाट पर कुआनों नदी में स्नान करते समय करीब 19 वर्षीय युवक ऋषि की नदी की तेज धारा में फंस जाने से दर्दनाक मौत हो गई। ये कांवर यात्रा में निकला था। उसे अयोध्या से पावन सरयू जी का जल लेकर भद्रेश्वर नाथ में जलाभिषेक करना था। लेकिन नियति के क्रूर पंजों ने उसे दबोच लिया और नदी के तेज बहाव में उसकी इहलीला समाप्त हो गयी।
मृतक कांवरिया ऋषि गोंडा जिले के मनकापुर का निवासी था। वह अपने ग्यारह साथी कांवरियों के साथ जलाभिषेक करने निकला था। बताया जा रहा कि उसने दो डुबकी लगा ली थी। तीसरी डुबकी में स्वयं को न बचा पाया। साथी कांवरियों द्वारा शोर मचाए जाने पर एनडीआरएफ की टीम ने घंटे भर की मशक्कत के बाद नदी में डूबे हुए ऋषि की लाश को बरामद किया। यह घटना न केवल एक व्यक्तिगत क्षति है, बल्कि यह भी याद दिलाती है कि श्रद्धा के साथ-साथ सुरक्षा का पालन करना भी अत्यंत आवश्यक है। हादसे की सूचना मिलते ही ऋषि के परिजन भी घाट पर पहुंचे और शव देखते ही उनका रो – रोकर बुरा हाल हो गया। घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं की आंखें भी नम हो गईं। चीत्कार से सभी का दिल दहल गया।