
संतकबीरनगर। राज्य सूचना आयोग उ. प्र. के उपाध्यक्ष गिरजेश चौधरी का निधन दिल का दौरा पड़ने से हो गया। वे एक पारिवारिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने जिले के सेमरियावां क्षेत्र के चंगेरा मंगेरा गांव में आए थे।
राज्य सूचना आयुक्त राजेंद्र सिंह के अनुसार गुरुवार को सूचना आयुक्त राकेश कुमार के कक्ष में आयोजित जलपान में चौधरी भी सम्मिलित हुए थे। इसके बाद वह बस्ती मण्डल के संतकबीरनगर में एक समारोह में शामिल होने चले गए। वहीं पर उन्हें दिल का दौरा पड़ा। उन्हें पहले बस्ती जिला अस्पताल पहुंचाया गया, यहां से फिर लखनऊ के लारी इंस्टिट्यूट रेफर किया गया था।
हंसमुख स्वभाव और शानदार व्यक्तित्व के धनी गिरजेश चौधरी का निधन उनके परिवार, सूचना आयोग परिवार और उनके चाहने वालों के लिए कभी न पूरी होने वाली क्षति है। वे करीब 62 वर्ष के थे।
गिरजेश चौधरी मूल रूप से संत कबीर नगर (पूर्व में बस्ती) जिले के सेमरियावां विकासखंड के चंगेरा मंगेरा गांव के मूल निवासी थे। लखनऊ में उनका आवास मुंशी पुलिया के पास मानस विहार में है। वे लोकप्रिय व्यक्तित्व के धनी थे। इस घटना से उनके चाहने वालों में शोक की लहर व्याप्त है।
आनन्द रीजार्ट मनियरा के चौधरी भूपेन्द्र सिंह ने कहा है कि आदरणीय चाचा श्री गिरिजेश कुमार चौधरी उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग के (उपाध्यक्ष ) गोलोक वासी हो गए हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। शत शत नमन : आप बहुत याद आएंगे चाचा जी।
चौधरी भूपेन्द्र सिंह ने गिरजेश चौधरी की अन्तिम यात्रा के चित्र साझा करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने पुनः उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की है।