जिलाधिकारी ने छठ पूजा के सूर्यास्त अर्घ के उपरांत देर रात्रि 10 बजे किया घाटों का औचक निरीक्षण, घाटों पर आतिशबाजी व छुट्टा पशुओं के प्रवेश पर रोक समेत स्वच्छता व सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के दिए सख्त निर्देश
बस्ती, 15 नवम्बर 2026 (सू.वि.)। महापर्व छठ पूजा के प्रथम दिन सूर्यास्त अर्घ के सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न होने के उपरांत जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने अमहट घाट, निर्मली कुंड एवं हर्रैया स्थित मनोरमा घाट पहुंचकर साफ-सफाई, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा इस दौरान उन्होंने घाट परिसरों का भ्रमण कर पूजा के बाद की स्थिति का जायजा लिया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व कड़े दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि घाटों पर किसी भी प्रकार की आतिशबाजी न हो तथा यह भी सुनिश्चित किया जाए कि घाट परिसर में छुट्टा पशुओं का प्रवेश बिल्कुल न हो सके, जिसके लिए बैरिकेडिंग और निगरानी की पुख्ता व्यवस्था रखी जाए। उन्होंने अमहट घाट, निर्मली कुंड एवं मनोरमा कुंड के साथ जनपद के सभी घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाते हुए पूरे परिसर को तत्काल स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए और कहा कि धार्मिक स्थलों एवं पूजा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नगर पालिका व नगर पंचायत के अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों के साथ-साथ वहां तक पहुंचने वाले सभी संपर्क मार्गों की भी समुचित साफ-सफाई कराई जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कल प्रातः सूर्योदय के अर्घ के सम्पन्न होने के बाद भी सभी अधिकारी और कर्मचारी घाटों पर मौजूद रहें तथा अपनी देखरेख में पूरी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के पश्चात ही घाट छोड़ें। सुबह के अर्घ के मद्देनजर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर सख्त निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि प्रातः 3:00 बजे से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटना शुरू हो जाएगी, इसलिए ट्रैफिक डायवर्जन और सभी ड्यूटी प्वाइंट पूरी तरह सक्रिय रहें तथा घाटों पर गोताखोरों, नावों, स्वास्थ्य सेवाओं, फायर टेंडर एवं अन्य सभी आकस्मिक व्यवस्थाओं को मुस्तैद रखते हुए प्रातः एक बार पुनः बैरीकेटिंग की गहन जांच कर ली जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उपजिलाधिकारी सदर प्रमोद, उपजिलाधिकारी हर्रैया प्रद्युम्न, अधिशासी अधिकारी (ईओ) नगर पालिका अंगद गुप्ता, अधिशाषी अधिकारी नगरपंचायत हर्रैया सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।


