बस्ती 14 नवंबर 2026 ( सू .वि ), छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, घाटों पर आवश्यक सुविधाओं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व को देखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि छठ पूजा आस्था, श्रद्धा एवं लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी, तालाबों एवं अन्य जलाशयों के किनारे एकत्रित होते हैं। ऐसे में घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग तथा आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। घाटों तक जाने वाले रास्तों को भी दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने नगर निकाय एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि घाटों की नियमित सफाई कराई जाए तथा कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था रखी जाए।
उन्होंने कहा कि जिन घाटों पर अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, वहां विशेष सतर्कता बरती जाए। जलाशयों में सुरक्षा के दृष्टिगत बैरिकेडिंग, गोताखोरों एवं बचाव दल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लें और कमियों को तत्काल दूर कराएं।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा के दौरान सभी प्रमुख घाटों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। घाटों पर अराजक तत्वों एवं असामाजिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान पुलिस कर्मी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करें, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चंद्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती,ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नौशीन सिद्दीकी, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री मानसी दहिया अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार,उमाकांत तिवारी,प्रदुम्न कुमार,हिमांशु कुमार,रश्मि यादव,राजेश यादव,अग्निशमन अधिकारी रमेश चन्द,अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, एसई विद्युत मो खालिद, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अरुण कुमार गुप्ता, सहित संबंधित आधिकारी गण उपस्थित रहे


