बस्ती (उ.प्र.)। सनातन धर्म की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपरा को जन-जन तक पहुँचाने और नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों एवं जीवन मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से सनातन धर्म संस्था द्वारा आयोजित होने वाले श्रीरामलीला महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार से होगा। महोत्सव के प्रथम दिन विद्यालयों के बच्चों द्वारा रामायण की दो महत्वपूर्ण एवं भावपूर्ण लीलाओं का मंचन किया जाएगा।

प्रथम प्रस्तुति में दिल्ली स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बस्ती के विद्यार्थी नारद मोह प्रसंग का मंचन करेंगे। इस लीला के माध्यम से देवर्षि नारद के अहंकार, भगवान विष्णु की लीला तथा अहंकार के त्याग का संदेश रोचक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके पश्चात डॉन वास्को स्कूल, बस्ती के विद्यार्थी पृथ्वी की पुकार एवं भगवान श्रीराम के जन्म की लीला का मंचन करेंगे। इसमें पृथ्वी पर बढ़ते अत्याचारों से व्यथित धरती की पुकार, देवताओं की प्रार्थना और अधर्म के विनाश तथा धर्म की स्थापना के लिए भगवान श्रीराम के दिव्य अवतरण की कथा को मंच पर साकार किया जाएगा।
नारद मोह से लेकर भगवान श्रीराम के जन्म तक की लीलाओं का होगा मंचन, दिल्ली स्कूल ऑफ एक्सीलेंस एवं डॉन वास्को स्कूल के बच्चे देंगे प्रस्तुति
महोत्सव की विशेषता यह है कि इसमें बच्चों को केवल मंच पर अभिनय करने का अवसर ही नहीं मिलता, बल्कि वे भारतीय संस्कृति, रामायण के प्रसंगों, आदर्शों और जीवन मूल्यों को स्वयं समझने तथा आत्मसात करने का अवसर भी प्राप्त करते हैं। बच्चों की सहभागिता से रामलीला की परंपरा नई पीढ़ी तक पहुँच रही है और उनमें अपनी संस्कृति एवं विरासत के प्रति गौरव का भाव जागृत हो रहा है।
आयोजन समिति के सदस्य श्याम जी चौधरी ने बताया कि श्रीरामलीला महोत्सव का उद्देश्य समाज में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक चेतना का प्रसार करना है। भगवान श्रीराम का चरित्र मर्यादा, त्याग, कर्तव्य, करुणा और आदर्श जीवन की प्रेरणा देता है। महोत्सव के माध्यम से इन्हीं आदर्शों को समाज और विशेषकर बच्चों एवं युवाओं तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजकों ने धर्मप्रेमी नगरवासियों एवं समस्त श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने तथा श्रीरामलीला महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।


