बस्ती में दर्दनाक हादसा: ट्रक के नीचे दबकर पिता और दो मासूम बेटियों की मौत, इलाके में मचा कोहराम
बस्ती। गौर थाना क्षेत्र के रामापुर कोठवा के पास रविवार रात पशुआहार से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद सोमवार सुबह रेस्क्यू के दौरान ट्रक के नीचे बाइक सवार पिता और उनकी दो मासूम बेटियों के दबे होने का पता चला। तीनों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतकों की पहचान राजेश यादव (38), उनकी 8 वर्षीय बेटी शिवांगी और 5 वर्षीय बेटी मानवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रक में करीब 25 टन पशुआहार लदा था। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक को हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन रात में सफलता नहीं मिली।
सोमवार सुबह दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू होने पर ट्रक के नीचे तीनों के दबे होने की जानकारी सामने आई। घटना की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गौर थानाध्यक्ष अतुल अंजान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।


