बस्ती (सू.वि.उ.प्र.)। जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम तथा मतदेय स्थलों के संभाजन के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत मतदाता सूची को अद्यतन करने, पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदेय स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन की प्रक्रिया 02 नवंबर 2026 तक पूरी की जानी है। एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को निर्धारित है।
बैठक में मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण तथा नए मतदेय स्थल स्थापित करने के लिए उपयुक्त भवनों को चिह्नित करने पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में 16 से 18 अक्टूबर तक मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदेय स्थलों के प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। 19 अक्टूबर को आपत्तियों एवं सुझावों हेतु मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची प्रकाशित करने के साथ उसकी प्रति मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 अक्टूबर को वर्तमान सांसद, विधानसभा सदस्यों एवं मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का निस्तारण करते हुए सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को सभी आवश्यक संलग्नकों सहित मतदेय स्थलों का प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी प्रदुम्न कुमार, हिमांशु कुमार, उमाकान्त तिवारी, शशीबिन्द, तहसीलदार विनय प्रभाकर, अभय राज पाल, रजनीश कुमार श्रीवास्तव, पंकज कुमार गुप्ता, अधिशासी अधिकारी नगरपंचायत, संबंधित निर्वाचन अधिकारी एवं मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


