संतकबीरनगर (उ.प्र.)। खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के भकठान गांव निवासी और संतकबीरनगर जिला केसरी सम्मान से सम्मानित पहलवान करीब 35 वर्षीय ब्रह्मानंद यादव की 22 सितम्बर मंगलवार दोपहर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए घटना के पीछे प्रधानी चुनाव से जुड़ी रंजिश को वजह बताया है।

जानकारी के अनुसार, ब्रह्मानंद यादव पुत्र दयाराम यादव निवासी भकठान गोसाईपुर दोपहर करीब 2:30 बजे अपनी बुलेट से भैंसों के लिए चारा लेने जा रहे थे। आरोप है कि गांव के रास्ते में ही कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने कथित तौर पर उनके ऊपर मिर्ची डालकर उन्हें बुलेट से नीचे गिरा दिया। इसके बाद धारदार हथियार, फरसा और भाले से उन पर हमला किया गया। परिजनों के मुताबिक, घटना के दौरान गोली चलाए जाने की बात भी सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल ब्रह्मानंद यादव को निजी वाहन से खलीलाबाद जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस में रखवाते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
चार भाइयों में तीसरे थे ब्रह्मानंद
ब्रह्मानंद यादव चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके भाइयों में रमाकांत यादव, जो वर्तमान में ग्राम प्रधान हैं। दो और भाई श्रीकांत यादव और रामानंद यादव हैं। मृतक के परिवार में उनकी पत्नी के साथ दो बच्चे भी हैं। ब्रह्मानंद यादव पहलवानी के क्षेत्र में अपनी पहचान रखते थे। उन्हें संतकबीरनगर जिला केसरी के सम्मान से भी नवाजा गया था। उनकी हत्या की खबर से खेल और पहलवानी से जुड़े लोगों में भी शोक की लहर है।

(शव रखकर हाईवे पर लगाया जाम)
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश अभियान शुरू कर दिया है। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को नाम बताए हैं। परिजनों का कहना है कि घटना के पीछे प्रधानी चुनाव को लेकर चली आ रही रंजिश हो सकती है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने में जुटी है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शव सड़क पर रखकर किया जाम
आक्रोशित लोगों ने ब्रह्मानंद का शव खलीलाबाद बाईपास पर रखकर सड़क जाम कर दिया। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह और कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


