बस्ती (सू.वि.उ.प्र.)। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता तथा मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती की अध्यक्षता में 2 अक्टूबर गांधी जयन्ती की तैयारी बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। अधिकारियों कहा कि ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने बैठक में उपस्थित लोगों से गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा स्वच्छता, शांति और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा अपने कार्य एवं आचरण से जनपद की छवि बनाने में सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि गांधी जयन्ती के दिन जो भी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, उसमें पूर्ण सहभागिता करें, अपने परिसर को साफ-सुथरा रखें तथा गांधी जी के विचारों एवं सिद्धान्तों को पूरी सत्यनिष्ठा से अपनायें। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को प्रातः 6 बजे से प्रभातफेरी, 7 बजे से वाक रेस प्रतियोगिता तथा 8 बजे सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा, गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण किया जायेगा तथा सत्यनिष्ठा का संकल्प लिया जायेगा। प्रातः 9 बजे से शहर के विभिन्न चौराहों पर स्थापित महापुरूषों की मूर्तियों पर माल्यार्पण किया जायेगा। मलिन बस्तियों में सफाई कार्यक्रम, जिला कारागार में सांस्कृतिक एवं खेल कूद कार्यक्रम, सभी शिक्षण संस्थाओं में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन, अस्पताल में रोगियों में फल वितरण, कुष्ठ आश्रम हथियागढ़ में फल वितरण किया जायेगा।

बैठक में जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन, प्रधानाचार्य आईटीआई गोविन्द कुमार, जीआईसी के विजय कुमार वर्मा, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा, डा. वी.के. वर्मा, सरदार जगवीर सिंह, स्कन्द शुक्ला, अनुराग श्रीवास्तव, चन्द्र प्रकाश शर्मा, पवन वर्मा, के.के. उपाध्याय, सैयद जीशान हैदर रिजवी, हरिओम प्रकाश, वीर कुमार तिवारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।


