वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता चंद्रभान शुक्ला का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठतम नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में शुमार, आपातकाल से पूर्व के सक्रिय कार्यकर्ता तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे श्री चंद्रभान शुक्ला का लंबी बीमारी के बाद लखनऊ में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से गौर-बभनान क्षेत्र सहित पार्टी कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। श्री शुक्ला अपने समय के समर्पित, अनुशासित और कर्मठ कार्यकर्ताओं में गिने जाते थे। गौर क्षेत्र उनकी कर्मभूमि और उनकी विशिष्ट पहचान रहा। गौर और बभनान क्षेत्र में संगठन के अनेक कार्यकर्ता उन्हें अपने मार्गदर्शक के रूप में सम्मान देते थे। भारतीय जनता पार्टी को इस क्षेत्र में संगठनात्मक रूप से मजबूत करने और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में उनके योगदान को लंबे समय तक स्मरण किया जाएगा।
श्री चंद्रभान शुक्ला भाजपा बस्ती के उपाध्यक्ष सहित संगठन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके थे। आपातकाल से पहले से ही वे लोकतांत्रिक मूल्यों और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे। उनका जीवन संगठन, विचारधारा और कार्यकर्ताओं के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा।उनकी अंत्येष्टि श्री अयोध्या धाम में सरयू नदी के तट पर संपन्न हुई, जहां उनके बड़े पुत्र ने मुखाग्नि दी। श्री शुक्ला अपने पीछे दो पुत्रों—संजय एवं अजय शुक्ला—सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। बताया जाता है कि वर्तमान ब्लॉक प्रमुख जटाशंकर शुक्ला उनके सगे भाई हैं।
उनके निधन पर रमाकांत पांडेय, अमित शुक्ला, अशोक कुमार पांडेय टाउन एरिया बभनान के अध्यक्ष प्रबल मालानी भाजपा के वरिष्ठ नेता आनंद कहंस गौर के पूर्व लाभ प्रमुख महेश सिंह अरविंद सिंह विनोद सिंह सहित अनेक लोगों ने श्री शुक्ला को श्रद्धांजलि दी है सहित क्षेत्र के अनेक लोगों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। कौटिल्य का भारत के सम्पादक राजेंद्र नाथ तिवारी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि “चंद्रभान शुक्ला का कृतित्व और व्यक्तित्व भारतीय जनता पार्टी को इस क्षेत्र में स्थापित और मजबूत करने में उनके योगदान के लिए सदैव याद किया जाएगा।”श्री चंद्रभान शुक्ला का निधन केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि उनके साथ वर्षों तक जुड़े रहे कार्यकर्ताओं और विचारधारा के लिए भी एक गहरी क्षति है। उनके जाने से उत्पन्न रिक्तता की भरपाई कठिन है।
कौटिल्य न्यास परिवार दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है और ईश्वर से प्रार्थना करता है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।





