
बस्ती (सू.वि.उ.प्र.)। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशानुसार मंडलीय मेगा क्रेडिट कैंप/ऋण मेले का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति प्रदान कर स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा।

मंडलीय मेगा क्रेडिट कैम्प में विधायक हर्रैया अजय सिंह के प्रतिनिधि सरोज मिश्र, कप्तानगंज विधायक अतुल चौधरी के प्रतिनिधि गुलाब चन्द्र सोनकर, बस्ती सदर महेन्द्र यादव के प्रतिनिधि मो० सलीम तथा एम.एल.सी. प्रतिनिधि हरीश सिंह द्वारा संयुक्त रूप से कुल 3558 लाभार्थियों को लगभग रू. 8829.84 लाख (रू. 88.30 करोड़) का ऋण वितरण किया गया। इसमें बस्ती जनपद के 1991 लाभार्थियों को रू. 5683.39 लाख, सिद्धार्थनगर के 1188 लाभार्थियों को रू. 2744.68 लाख तथा संतकबीर नगर के 379 लाभार्थियों को रू. 401.77 लाख है। मंडलीय मेगा क्रेडिट कैंप/ऋण मेले में मंडल के सभी बैंकों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। बैंकों के सहभागिता के साथ विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ऋण स्वीकृत किए गए। मंडलीय मेगा क्रेडिट कैंप/ऋण मेले में विशेष रूप से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, स्वरोजगार, लघु उद्यम तथा सौर ऊर्जा से संबंधित योजनाओं पर बल दिया गया, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लाभार्थियों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक सिद्धार्थनगर आर के सिन्हा, अग्रणी जिला प्रबंधक संतकबीर नगर पवन कुमार सिन्हा सहित मंडल के जिला समन्वयक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अग्रणी जिला प्रबंधक आर.एन.मौर्य द्वारा किया गया। उन्होंने जिला प्रशासन एवं समस्त बैंकों को सफल आयोजन हेतु धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।



