(मनीष श्रीवास्तव ‘अंकुर’)
बस्ती (उ.प्र.)। छोटे लोहिया कहे जाने वाले स्व. जनेश्वर मिश्र स्मृति द्वार को लेकर विरोध और आरोप प्रत्यारोप शुरु हो गया है। तिलकपुर मार्ग पर कप्तानगंज विधायक निधि से प्रस्तावित प्रवेशद्वार पर विरोध को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने कहा कि सारे आरोप पूरी तरह बेबुनियाद है। रात 2 बजे गड्ढा खोदा जा रहा था जिसका गांव वालो ने विरोध किया। पोल नहीं लगा था न ही कुछ तोड़फोड़ हुई है। उन्होंने कहा केवल माहौल खराब करने की साजिश है। यदि आप किसी के घर के सामने अपना बोर्ड लगाएंगे तो विरोध होगा ही। पूरा विधानसभा खाली है कहीं भी लगाएं, लेकिन जिस गांव में आपने कोई काम नहीं किया है वहां क्यों।

तिलकपुर बढ़नी मार्ग पर जो एनएच – 27 पर है, वहाँ सपा विधायक द्वारा जनेश्वर मिश्र के नाम से प्रवेश द्वार बनाया जा रहा था, जिसको लेकर सपा विधायक और नगर पंचायत अध्यक्ष ने भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा फाउंडेशन तोड़ने और पोल उखाड़ने का आरोप लगाया गया था। भाजपा जिलाध्यक्ष ने सत्यता सामने रखते हुए इन आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा किसी के घर के सामने किसी को गेट लगाने का कोई औचित्य नहीं है। रात के दो बजे गड्ढा खोद रहे थे लोगो ने मना कर दिया। राजनीति की एक मर्यादा होती है लोगों को पार्टी के हिसाब से अपने पोस्टर बैनर या अन्य कार्य करने चाहिए। विकास के तमाम वादे जो अधूरे हैं, उन्हें पूरा करें ना कि किसी दूसरे पार्टी के कार्यकर्ता पदाधिकारी के घर के सामने बोर्ड लगाएं। कुछ लोगों के द्वारा सिर्फ राजनीतिक रोटी सेंकी जा रही ।


