
बस्ती (उ.प्र.)। जनपद बस्ती की हरैया पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई कई चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से करीब 7.5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, एक अवैध तमंचा, कारतूस, दो मोटरसाइकिल, चोरी के औजार, चार एंड्रॉयड मोबाइल और 32,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को सूचना मिली कि हरैया थाना क्षेत्र के बभनान रोड पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना पर हरैया पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान तीन आरोपी एक मोटरसाइकिल पर मौके से पकड़ लिए गए, जबकि दो आरोपी भागने लगे। कुछ दूरी पर उनकी बाइक फिसल गई। इसी दौरान आरोपी सुजीत पासी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हरैया, दुबौलिया, कप्तानगंज और गौर थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों का खुलासा हुआ। पुलिस ने चोरी के करीब 33 ग्राम सोने और 1.2 किलोग्राम चांदी के आभूषण, दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, 32,200 रुपये नकद तथा चोरी में प्रयुक्त सब्बल और प्लास बरामद किए।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जगतू, सर्वेश चौहान, रामजी चौरसिया, सुधाकर और सुजीत पासी के रूप में हुई है। सभी आरोपी जनपद सीतापुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर अलग-अलग जिलों में मजदूरी के बहाने पहुंचते थे। गांवों की रेकी करने के बाद देर रात कई घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के बाद तुरंत ठिकाना बदल लेते थे और चोरी के सामान को सस्ते दामों में बेचकर पैसे मौज-मस्ती और शराब में खर्च कर देते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों पर सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी सहित कई जिलों में चोरी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से अनेक मुकदमे दर्ज हैं। इस सराहनीय कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक बस्ती ने हरैया पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम को 20 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर न्यायालय भेजा जा रहा है।




