
बस्ती (सू.वि. उ.प्र.)। मुख्य राजस्व अधिकारी /प्रभारी अधिकारी नगर निकाय कीर्ति प्रकाश भारती द्वारा गुरूवार को प्रातः 6 बजे नगर पंचायत गणेशपुर का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, जनसुविधाओं एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के समय संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा प्रावधानों के क्रियान्वयन हेतु बैठक
बस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरूवार को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्राविधानों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अनुश्रवण विनियमों को त्वरित गति से लागू करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने की।

बैठक में जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य राजस्व अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए खाद्य कारोबार संचालकों के पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए नियमित निरीक्षण एवं सघन प्रवर्तन कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही त्योहारों एवं विशेष अवसरों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच हेतु विशेष अभियान चलाने पर बल दिया। मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि खाद्य सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना भी उतना ही आवश्यक है, जितना कि प्रवर्तन कार्यवाही। इसके लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा गत तिमाही में की गई कार्यवाहियों, खाद्य नमूनों के संग्रहण, जांच रिपोर्टों, अभियोजन की स्थिति तथा लाइसेंस एवं पंजीकरण संबंधी प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की गई। समिति के समक्ष खाद्य सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मामलों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों ने जनपद में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।

मुख्य राजस्व अधिकारी ने निर्देशित किया कि अनुश्रवण विनियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए विभागीय समन्वय को और मजबूत किया जाए तथा विभिन्न विभागों के मध्य सूचनाओं के आदान-प्रदान की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम का संचालन सहायक आयुक्त खाद्य चितरन्जन कुमार सिंह ने किया।
बैठक में सीएमओ डा. राजीव निगम, एसडीएम राजेश यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, उपायुक्त प्रशासन राज्यकर उपेन्द्र यादव, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला तथा समिति के सदस्यगण, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
गर्ल्स इं.का. व मंदिर के निकट शराब की दुकान न खोलने की मांग
बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के श्रीकृष्णा पाण्डेय गर्ल्स स्कूल के निकट मंदिर, पशुचिकित्सालय के सामने शराब की दूकान न खोले जाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय नागरिकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। संजय सिंह ने ज्ञापन देने के बाद बताया कि मंदिर, पशुचिकित्सालय के सामने शराब की दूकान खोले जाने की तैयारी चल रही है। इस स्थान के निकट ही श्रीकृष्णा पाण्डेय गर्ल्स स्कूल भी है। ऐसी स्थिति में यहां शराब की दूकान का खोला जाना व्यापक जनहित में उचित नही है। शराब की दूकान को यहां न खोलने दिया जाय।
ज्ञापन देने के दौरान राधेश्याम, सूरज, साबिर अली, महेन्द्र सोनकर, मुन्ना जायसवाल, विनोद कुमार के साथ ही अनेक नागरिक शामिल रहे।




