
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सोमवार को अलीगंज क्षेत्र के पुरनिया में एक एनीमेशन कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। घटना में 15 बच्चों की मौत हो गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में जान गंवाने वाले सभी 20 – 21 – 22 – 23 – 24 साल के छात्र – छात्राएं हैं। जो अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने और मां – बाप के सपने को साकार करने के लिए यहां पढ़ाई कर रहे थे। एक हादसे ने मां – बाप की आंखों के तारे छीन लिया। सब कुछ इतना अचानक और विस्फोटक रहा कि देखते ही देखते उसने पन्द्रह जिंदगियां छीन लीं। कई बच्चों ने जान जोखिम में डालकर खिड़कियों से नीचे कूदकर अपनी जान बचाई।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ दौरा रद्द कर तुरन्त घटना स्थल का दौरा किया और बारीकी से जानकारियां जुटाईं। सीएम योगी ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दु:ख की इस घड़ी में साहस प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी। दोषी कतई बख्शे नहीं जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मृतकों के परिवारों को 2 लाख एवं घायलों को 50 हजार मुआवजा राशि की घोषणा है।

एमएस-102 अलीगंज सेक्टर-डी स्थित हेड एंड हॉपर्स एनीमेशन एंड गेमिंग जोन दूसरी मंजिल पर स्थित है। दोपहर ढाई बजे के करीब यहां आग लग गई। बताया जाता है कि एसी का कंप्रेशर फटने से यह घटना हुई। आग लगने के बाद पूरे भवन में धुआं भर गया। इससे अंदर मौजूद छात्रों में भगदड़ मच गई। कई छात्रों ने जान बचाने के लिए से छलांग लगा दी। जिससे वह घायल हो गए। सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस और राहत की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बगल के घर की छत से कोचिंग की दीवार काटकर रेस्क्यू का प्रयास किया गया। करीब 10 लोगों को रेस्क्यू कर ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। वहीं आग और धुएं की वजह से 15 की मौत हो गई। मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार हताहतों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। अलीगढ़ का दौरा रद्द कर राजधानी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी ली।
पीएम मोदी ने जताई संवेदना, मुआवजे की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अग्निकांड में मृतकों व घायलों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये व घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने एक्स पर बयान जारी कर कहा कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। बचाव कार्य चल रहा है और अधिकारी हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं। प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
सीएम योगी का दौरा रद्द
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ अग्निकांड की सूचना मिलते ही अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही रद्द कर दिया। उन्हें लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ही इस हादसे की जानकारी मिली, इसके तत्काल बाद मुख्यमंत्री राजधानी लखनऊ के लिए प्रस्थान कर गए। अलीगढ़ में आयोजित लोकार्पण/शिलान्यास कार्यक्रम में संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने जनसमूह से कहा कि मेरी इच्छा थी कि यहीं रहूं। लेकिन अभी-अभी जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक दुर्घटना हुई है और कुछ बच्चे अग्निकांड की चपेट में आए हैं। इसमें कुछ बच्चों की दुखद मौत हो गई है। प्रशासन राहत कार्यों में लगा है। मुझे भी इस दुखद घटना के कारण तत्काल वापस लखनऊ जाना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने घायलों के उचित इलाज का भी निर्देश दिया।
डीजीपी व एसीएस (गृह) मौके पर
सीएम ने कहा कि जिन परिवारों ने अपने नौजवानों को खोया है, उनके प्रति गहन संवेदना व्यक्त करता हूं। पुलिस महानिदेशक व अपर मुख्य सचिव (गृह) को निर्देश दिया है कि मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। मैं स्वयं भी वहां के लिए प्रस्थान कर रहा हूं। इस मामले की तह में जाकर दोषियों को सजा दिलाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर भी घटना पर दुख जताया। मुख्यमंत्री ने लिखा कि लखनऊ में अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
मायावती ने जताया दुख, बोलीं – दिल दहला देने वाली घटना
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कोचिंग अग्निकांड पर संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि यूपी की राजधानी लखनऊ के एक कोचिंग सेन्टर में आज दोपहर बाद हुई अग्निकाण्ड में अनेक लोगों की मौत तथा और भी कई लोगों के घायल हो जाने की घटना अति-दुखद। इस प्रकार की जानलेवा घटनाएं दिल को दहलाने वाली होती हैं तथा कितने ही परिवार की उम्मीदों को बिखेर देती हैं। ऐसी दुखद घटनाओं की रोकथाम के लिये सबको मिलकर सही से काम करने की ज़रूरत है। सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप से काम नहीं चलेगा।
कूदकर बचाई जान, हालत गंभीर
चश्मदीद अमन ने बताया कि यहां एक लाइब्रेरी या कंप्यूटर कोर्स का संस्थान है। जब हम यहां पहुंचे तो हमने इमारत से धुआं निकलते देखा। हमने 5-6 लोगों को बचाया। आग लगने के बाद एक व्यक्ति इमारत से नीचे कूद गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने के साथ-साथ छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कोचिंग सेंटर अग्निकांड में जान गंवाने वालों के परिजनों एवं घायलों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा ये हादसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, जिसने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। लोगों के सपने टूट गये दुनिया उजड़ गयी। उन्होंने कहा कि मैंने 14 शव देखा है। उन्होंने घटना पर दुख और संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने परिवारों को पूर्ण सहयोग और निष्पक्ष जांच की बात कही।

सीएम घटनास्थल से सीधे किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) पहुंचे और घायलों से भी आग लगने के कारणों और घटना के बारे में पूछा। उन्होंने घायलों के परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। वहीं केजीएमयू प्रशासन को उनके समुचित इलाज का निर्देश दिया। कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने सीएम योगी को घायलों के इलाज के बारे में जानकारी दी।

केजीएमयू में मृतकों के परिजनों से कहा कि हम किसी की जिंदगी तो नहीं लौटा सकते, लेकिन विश्वास दिलाते हैं कि दोषी किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे। सरकार परिजनों के साथ है। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल, विधायक नीरज बोरा, अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, डीजीपी राजीव कृष्णा, अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा) अमित कुमार घोष, डीजी (फायर सर्विस) सुजीत पांडेय, राजधानी के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत व डीएम विशाख जी आदि मौजूद रहे।




