
बस्ती (सू.वि.उ.प्र.)। पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह द्वारा गन्ना विकास सर्वाेदय इंटर कॉलेज, मुण्डेरवा, बस्ती का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र की समस्त व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा आयोजन में शासन द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने परीक्षा कक्षों, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों की सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश प्रदान किए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा दिवस पर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा समय से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र एवं वैध पहचान पत्र के साथ निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना चाहिए ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, अभ्यर्थियों की सघन जांच, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्र परिसर एवं उसके आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम से निगरानी व्यवस्था तथा परीक्षा कक्षों में उपलब्ध संसाधनों का भी परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा अव्यवस्था को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के दौरान प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक तथा संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
ग्रेट निकोबार के प्राकृतिक सम्पदा की रक्षा के लिये कांग्रेस ने शुरू किया हस्ताक्षर अभियान
बस्ती। सोमवार को राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर ग्रेट निकोबार क्षेत्र की रक्षा के लिये जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी की अध्यक्षता में जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया। यह अभियान तहसील और ब्लाक मुख्यालयों पर चरणबद्ध रूप में 15 जून तक चलाया जायेगा।

हस्ताक्षर अभियान में कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी पर्यावरण और आदिवासी हितों की अनदेखी करने वाली नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी। कहा कि केंद्र सरकार विकास के नाम पर देश की प्राकृतिक संपदा और पर्यावरणीय विरासत को नुकसान पहुंचा रही है। जैव विविधता से समृद्ध ग्रेट निकोबार क्षेत्र के जंगलों को व्यापारिक हितों के लिए नष्ट करने की तैयारी की जा रही है, जिससे पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित होगा और वहां रहने वाली आदिम जनजातियों के अस्तित्व पर भी खतरा पैदा हो सकता है। कांग्रेस इन सवालों को जनता के बीच लेकर जायेगी। कांग्रेस के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी वृजेश आर्य, डा. वाहिद अली सिद्दीकी, नर्वदेश्वर शुक्ल, गिरजेश पाल, श्रवण पाण्डेय ने कहा कि भाजपा सरकार सभी मोर्चो पर विफल है। उपभोक्ता वस्तुओं, घरेलू गैस सिलेंडर सहित जरूरी वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता पर बोझ बढ़ रहा है। डीजल, पेट्रोल, सीएनजी के मूल्य रोज बढने से नागरिक त्रस्त है। इन सवालों के समाधान की जगह केन्द्र की मोदी सरकार ग्रेट निकोबार द्वीप की प्राकृतिक सम्पदा को निजी कार्पोरेट के हाथों बेच देना चाहती है। इससे देश की जैव विविधता को खतरा उपन्न हो जायेगा। जल, जमीन, जंगल और आदिवासियों के प्राकृतिक अधिकारों के लिये कांग्रेस इस संघर्ष को जनता के बीच लेकर जायेगी।

हस्ताक्षर अभियान में मुख्य रूप से अमर बहादुर शुक्ल, राहुल चौधरी, फजले आजम, दूधनाथ पटेल, राकेश पाण्डेय, अनूप पाठक, राम पूरन चौधरी, मो. अशरफ अली, जगदीश शर्मा, दिलीप श्रीवास्तव, सुनील पाण्डेय, सर्वेश शुक्ल, अलीम अख्तर, मनोज त्रिपाठी, आनन्द निषाद, राम बहादुर सिंह, अख्तर हुसेन, संजीव त्रिपाठी, वृजभान कन्नौजिया, राम बाबू ‘कल्पू; शुभम गांधी, राम नयन यादव, विजय बहादुर, सुग्रीव कुमार, लालजी शर्मा के साथ ही कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी शामिल रहे।





