
बस्ती (उ.प्र.)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में मां सरस्वती के नवनिर्मित मंदिर एवं ज्येष्ठ माह के चौथे मंगलवार के उपलक्ष्य में 26 मई को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हनुमान चालीसा, सुंदरकांड पाठ एवं भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकगण, प्रशिक्षु शिक्षकों, कर्मचारियों एवं क्षेत्रीय श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ डायट प्राचार्य संजय कुमार शुक्ल द्वारा नवनिर्मित मां सरस्वती मंदिर में पूजन-अर्चन के उपरांत हुआ। डायट प्राचार्य सहित समस्त प्रवक्ताओं, शिक्षकों व प्रशिक्षुओं ने मां शारदे की आराधना कर विद्या और ज्ञान का आशीर्वाद मांगा। इसके बाद परिसर में सामूहिक हनुमान चालीसा व सुंदरकांड का पाठ किया गया। पूरे परिसर में भक्ति संगीत, मंत्रोच्चार और जयकारों से आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने माता सरस्वती और भगवान हनुमान से सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की प्रार्थना की। धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। डायट प्राचार्य ने कहा कि बड़े मंगल का दिन सेवा और समर्पण का प्रतीक है। शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ना भी हमारा दायित्व है। भंडारे जैसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और सहयोग की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि संस्कार और भक्ति भाव जगाना भी है। कहा कि मां सरस्वती का मंदिर संस्थान में सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को चाहिए कि वे बच्चों में भी धार्मिक-सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करें। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डायट के प्रवक्तागण, शिक्षक, कार्यालय स्टाफ एवं डीएलएड प्रशिक्षुओं ने विशेष सहयोग किया। आयोजन समिति के सदस्यों ने सुबह से शाम तक व्यवस्था संभाली। भंडारा देर शाम तक चलता रहा।
इस अवसर पर संयुक्त शिक्षा निदेशक आनंदकर पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, बीएसए अनूप कुमार तिवारी, बीएसए संतकबीरनगर अमित सिंह, डॉ गोविन्द, डॉ रविनाथ, कल्याण पाण्डेय, वर्षा पटेल, सरिता चौधरी, वंदना चौधरी, अलीउद्दीन, इमरान, शशि दर्शन त्रिपाठी, नवनीत, रमाकांत डीएलएड प्रशिक्षु ज्ञानेंद्र, चंदन मिश्रा, अरुण, सौरभ, विजय कुमार, सिद्धांत, अम्बिका आदि उपस्थित रहे।
जमीनी विवाद में मंगलसूत्र छीनने का आरोप
बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बडकुईयां गांव में जमीनी विवाद में मार पीट और रामवृक्ष की पत्नी का मंगलसूत्र छीन लिये जाने के मामले में पुलिस ने अभी तक न तो मुकदमा दर्ज किया न कोई कार्रवाई किया। सोमवार को रामवृक्ष पुत्र रामबहोर ने पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर मामले में मुकदमा दर्ज कर दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग किया है।
पुलिस अधीक्षक को दिये पत्र में रामवृक्ष ने कहा है कि ग्राम प्रधान राम सुभाव, राम जी, बिन्द्रावती देवी पत्नी धर्मराज, मीरा देवी पत्नी लालजी, प्रेमा देवी पत्नी रामजी, रामजी पुत्र रामपियारे व अन्य के बीच जमीनी विवाद चल रहा है। तथा उसी के संबंध में सिविल जज जू०डि० वाद सं0 242 के यहां लम्बित भी है फिर भी विपक्षी राम सुभाव व अन्य उसी विवादित जमीन में नाली निर्माण कराना चाह रहे हैं । 21 मई को राम सुभाव व अन्य सहयोगियों ने विवादित जमीन पर धावा बोल दिया और उसकी पत्नी को मारा पीटा, गले में पहने हुये मंगलसूत्र को छीन ले गये । वाल्टरगंज पुलिस इस प्रकरण में गत 11 फरवरी को धारा 126,135 की कार्यवाही भी कर चुकी है फिर भी राम सुभाव व उनके सहयोगी आदि आमादा फौजदारी हैं। रामवृक्ष ने पत्नी के छीने गये मंगलसूत्र को दिलाने के साथ-साथ निर्माण कार्य रूकवाने और दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग किया है।




