
बस्ती (सू.वि. उ.प्र.)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 21 मई 2026 को आयोजित होने वाली लेखपाल भर्ती मुख्य परीक्षा-2026 को नकलमुक्त, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति, उपजिलाधिकारी शत्रुघ्न पाठक, मनोज प्रकाश, सत्येंद्र सिंह, हिमांशु कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह सहित सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

डीएम कृतिका ने परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 21 मई 2026 को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक पाली में परीक्षा आयोजित की जाएगी।
जनपद बस्ती में कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 6288 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट पूरी तरह सक्रिय रहेंगे। अभ्यर्थियों को बिना प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्र के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। केंद्रों पर क्लॉक रूम, पेयजल, शौचालय, प्राथमिक उपचार तथा विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नकलविहीन परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए मोबाइल फोन एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि लेखपाल भर्ती परीक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा प्रत्येक अभ्यर्थी को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पीएम मोदी की अपील पर संजय जायसवाल कर रहे रेल यात्रा
बस्ती। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पेट्रोल, डीजल का उपयोग कम करने के आवाहन का असर दिखने लगा है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने ट्रेन से लखनऊ की यात्रा कर उदाहरण प्रस्तुत किया है।

संजय प्रताप जायसवाल ने कहा कि विश्व में चल रहे युद्ध जैसे हालात, बढ़ते वैश्विक संकट और ऊर्जा संसाधनों की चुनौती को देखते हुए पेट्रोल-डीजल की बचत एवं सार्वजनिक परिवहन को अपनाने की अपील वास्तव में दूरदर्शी और राष्ट्रहित में लिया गया महत्वपूर्ण संदेश है। संकट के इस समय में सबको मिलकर सहयोग की भूमिका निभानी होगी। इसी प्रेरणा को आत्मसात करते हुए उन्होने बस्ती से आवश्यक कार्य हेतु ट्रेन द्वारा लखनऊ की यात्रा किया। यह केवल यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का एक छोटा सा प्रयास है। यदि हम सभी छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाएं, तो देश ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में और अधिक मजबूत बन सकता है। देशहित में सार्वजनिक परिवहन को अपना कर ईंधन बचाएं,पर्यावरण बचाएं, और भारत को सशक्त बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं।





