
बस्ती (उ.प्र.)। डुमरियागंज मार्ग पर बीती रात एक सड़क हादसे में कार सवार श्याम नारायण दूबे की मौत हो गई और दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। वे मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे थे जब उनकी कार ट्रक से टकरा गई। श्याम नारायण के साथ उनका चचेरा भाई निहाल भी साथ में था। वो घायल है और उपचार चल रहा है।

वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के मनौरी चौराहे के आगे पेट्रोल पंप के पास 05 मई मंगलवार देर रात सड़क हादसा हो गया। मांगलिक कार्यक्रम से घर लौट रहे कार सवार दो युवक आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को कार से निकालकर जिला अस्पताल बस्ती ले गए। वहां डॉक्टरों ने एक की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज कैली रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान कार चालक की मौत हो गई।
थानाक्षेत्र के ढेकी गांव निवासी श्याम नारायण दूबे (35) पुत्र कृष्ण कुमार दूबे अपने चचेरे भाई निहाल दूबे (22) व अन्य परिजनों के साथ मंगलवार शाम बस्ती में एक मांगलिक कार्यक्रम में गए थे। देर रात सभी लोग अलग-अलग वाहनों से वापस घर लौट रहे थे। श्याम नारायण और निहाल एक कार में सवार थे। रात करीब साढ़े 12 बजे जैसे ही उनकी कार मनौरी चौराहे के आगे पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे कार अनियंत्रित होकर ट्रक में पीछे से टकरा गई, जिससे यह हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





