
बस्ती (सू.वि. उ. प्र.)। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत महिला अस्पताल परिसर में स्थिति सखी वन स्टॉप सेंटर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नेहा वर्मा की अध्यक्षता में कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं उनके प्रति समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करना रहा।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नेहा वर्मा द्वारा विधि-विधान से कन्या पूजन किया गया तथा उपस्थित बालिकाओं को चुनरी ओढ़ाकर उनका सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को टिफिन, पानी की बोतल, बैग, ज्योमेट्री बॉक्स सहित अन्य उपयोगी उपहार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान श्रीमती नेहा वर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने समाज से बेटियों के सम्मान एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। इस अवसर पर बाल संरक्षण अधिकारी बीना सिंह ,वरिष्ठ सहायक अशोक सिंह, सखी वन स्टॉप सेंटर का स्टाफ एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।





