
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हवाई यात्राओं को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश सरकार ने इटली की प्रतिष्ठित कंपनी लियोनार्डो का अत्याधुनिक अगस्ता वेस्टलैंड AW139 हेलीकॉप्टर खरीद लिया है, जिसे अब सरकारी उपयोग में शामिल कर लिया गया है।
दरअसल, हाल के दिनों में देश के कई राजनेताओं की हवाई दुर्घटनाओं में मौत और दो दिन पहले उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर में तकनीकी गड़बड़ी के कारण आग लगने जैसी घटना ने सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी थी। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री की हवाई यात्रा को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाला यह डबल इंजन हेलीकॉप्टर दुनिया के सबसे सुरक्षित वीवीआईपी हेलीकॉप्टरों में गिना जाता है। इसे विशेष रूप से मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी मूवमेंट के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
अत्याधुनिक तकनीक से लैस AW139 हेलीकॉप्टर खराब मौसम और रात के समय भी सुरक्षित उड़ान भरने में सक्षम है। इसमें उन्नत एवियोनिक्स सिस्टम, क्रैश-सेफ्टी तकनीक और बुलेटप्रूफ सुरक्षा जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो वीवीआईपी यात्रा को और अधिक सुरक्षित बनाती हैं। यह हेलीकॉप्टर एक बार में लगभग 12 से 15 यात्रियों को ले जाने की क्षमता रखता है। तेज रफ्तार, हाई-टेक नेविगेशन सिस्टम और आधुनिक सुरक्षा तकनीक के कारण इसे अपने वर्ग के सबसे भरोसेमंद हेलीकॉप्टरों में शामिल किया जाता है। प्रदेश सरकार के इस फैसले को मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी यात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।





