
अयोध्या। धारा रोड निवासी कु. अपूर्वा वर्मा को दिल्ली विश्वविद्यालय से एम.ए. (तुलनात्मक भारतीय साहित्य) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से अयोध्या और अंबेडकरनगर दोनों जनपदों में खुशी का माहौल है और क्षेत्रवासियों ने इसे गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।अपूर्वा वर्मा पुष्पा मौर्य एवं अरुण कुमार वर्मा की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परदादा, दादा-दादी, माता-पिता और गुरुजनों के आशीर्वाद व मार्गदर्शन को दिया है।
अपूर्वा ने बताया कि परिवार का निरंतर सहयोग और शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन ही उनकी प्रेरणा का मुख्य स्रोत रहा।अपूर्वा का संबंध एक प्रतिष्ठित परिवार से है। वह अयोध्या में बीज व्यवसाय को देश-विदेश में पहचान दिलाने वाले स्व. बाबू राम सुन्दर वर्मा हिन्द सीड कम्पनी की परपौत्री हैं। उनके परदादा ने बीज व्यवसाय के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देकर अयोध्या का नाम राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया था।वहीं अपूर्वा के पिता अरुण कुमार वर्मा अंबेडकरनगर जनपद की आलापुर तहसील के रामनगर ब्लॉक के दो बार के पूर्व ब्लॉक प्रमुख रहे स्व. कीर्ति प्रकाश वर्मा के ज्येष्ठ पुत्र हैं। परिवार का सामाजिक और शैक्षिक क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अपूर्वा वर्मा की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। क्षेत्र के शिक्षाविदों और समाजसेवियों ने भी उनकी सफलता को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया है।





