
गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी का उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी आज पहली बार गोरखपुर पहुंचे तो उनके स्वागत में गोरखपुर भगवामय हो गया। प्रदेश अध्यक्ष का गोरखपुर में 42 स्थानों समेत कुल 80 स्थानो पर स्वागत किया गया। उत्तर प्रदेश भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी पहली बार आज गोरखपुर पहुंचे हैं। उनके साथ सांसद रवि किशन भी रहे। एयरपोर्ट पर पंकज का दमदार स्वागत हुआ। एयरपोर्ट से निकलने पर पंकज खुली कार में खड़े होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते नजर आए। सैकड़ों की संख्या में चल रही गाड़ियों और हजारों लोगों की उपस्थिति ने पंकज के स्वागत में फिजा ही बदल दी।
काफिले के साथ पहुंचे गुरुद्वारा
एयरपोर्ट से सीधे पंकज गुरुद्वारे पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेका इसके बाद DDU गोरखपुर विश्वविद्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। यहां माल्यार्पण के बाद उन्होंने मंच से गदा लहराई। इसके बाद गोरखपुर यूनिवर्सिटी में पं. दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। पंकज चौधरी बीजेपी के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे। यहां आतिशबाजी के साथ कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

यहां मंच पर सांसद रवि किशन बोल ही रहे थे कि अचानक सैकड़ों कार्यकर्ता अंदर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं का उल्लास देखते हुए रविकिशन शांत हो गए और माइक पर बोल पड़े कि कार्यकर्ता प्रसन्न होता है तो बौरा जाता है। अपने उद्बोधन में पंकज चौधरी ने कहा कि यह वही धरती है, जहां 1989 में मैं सभासद चुना गया। 1990 में डिप्टी मेयर चुना गया। भाजपा में 1991 में मुझे महराजगंज से लोकसभा का प्रत्याशी बनाया। मेरे जैसे छोटे कार्यकर्ता को एक, दो नहीं बल्कि 9 बार प्रत्याशी बनाया। महराजगंज की जनता को धन्यवाद देता हूं कि 7 बार मुझे संसद भेजा।

गोरखपुर यूनिवर्सिटी के बाहर पंकज चौधरी और सांसद रविकिशन का जोरदार स्वागत किया गया है। मंच पर फूलों की बड़ी माला पहनाई गई। इस दौरान जब बीजेपी अध्यक्ष ने गदा उठाया तो कार्यकर्ताओं में जोश भर गया। सभी मोदी-योगी जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। गोरखपुर यूनिवर्सिटी के बाहर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। यहां खूब आतिशबाजी की गई। उनके साथ सांसद रवि किशन भी रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने माला-फूल भी फेंके।

भाजपा के वरिष्ठ नेता लोकसभा क्षेत्र 61 बस्ती के पूर्व सांसद एवं असम के प्रभारी हरीश द्विवेदी, भाजपा के बस्ती जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र सहित हजारों लोगों ने प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।





