
कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई है। पीएम मोदी सऊदी अरब यात्रा को बीच में छोड़कर आए हैं। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि आतंकियों के इस कायराना हमले से पूरा देश गुस्से में है और हमारे जवानों का खून खौल रहा है। मैं देश को आश्वस्त करना चाहता हूं कि पहलगाम हमले के अपराधियों को उनके जघन्य कृत्य के लिए बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में मंगलवार 22 अप्रैल को पर्यटकों पर आतंकी हमला हुआ। आतंकियों ने पर्यटकों के एक ग्रुप को निशाना बनाया। इस हमले में 26 पर्यटकों की मौत की खबर आ रही है। वहीं कई अन्य लोग घायल हो गए। सेंट्रल एजेंसी के सूत्रों ने ये जानकारी दी है। सूचना के बाद तुरंत सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। इस हमले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह से बात की। इसके बाद पीएम के निर्देश पर गृह मंत्री श्रीनगर पहुंचे हैं। जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने पहलगाम आतंकी हमले के बारे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जानकारी दी। एलजी मनोज सिन्हा और अन्य उच्चस्तरीय अधिकारी भी वहां मौजूद रहे। मुम्बई पुलिस के बड़े अधिकारी ने बताया है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद मुम्बई पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस सूत्रों ने कहा कि मुम्बई पुलिस अक्सर अलर्ट मोड पर होती है, लेकिन हमले के बाद और भी ज्यादा विजिलेंस बढ़ाया गया है। महत्वपूर्ण जगहों की सुरक्षा का जायज़ा लिया गया है और हर जगह सुरक्षा बढ़ाई गई है।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकवादी हमले से मैं बहुत दुखी हूं। हिंसा के ऐसे कृत्य निंदनीय हैं और इनकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हूं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले को घिनौना और दर्दनाक बताते हुए कहा कि निर्दोष लोगों को निशाना बनाने का उनका नृशंस अमानवीय कृत्य माफी के लायक नहीं है। मुर्मू ने अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्ति की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ आतंकवादी हमला घिनौना और दर्दनाक है। यह एक नृशंस व अमानवीय कृत्य है, जिसकी स्पष्ट रूप से निंदा की जानी चाहिए। निर्दोष लोगों, खासकर पर्यटकों पर हमला करना, बेहद भयावह व अक्षम्य है। मैं उन परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करतीं हूं, जिन्होंने अपने प्रियजन को खो दिया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।”
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि आतंकियों के इस कायराना हमले से पूरा देश गुस्से में है और हमारे जवानों का खून खौल रहा है। मैं देश को आश्वस्त करना चाहता हूं कि पहलगाम हमले के अपराधियों को उनके जघन्य कृत्य के लिए बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि मैं जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के पहलगाम क्षेत्र में हुए क्रूर आतंकवादी हमले से बहुत दुखी हूं। इस हमले में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं, तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं। यह हिंसा का कृत्य पूरी तरह से निंदनीय है और इसे अवश्य ही दंडित किया जाना चाहिए।
पहलगाम आतंकी हमले पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “हम इस हमले की निंदा करते हैं। यह हमला जम्मू-कश्मीर के विकास की यात्रा को रोकने का प्रयास था। हमारे प्रधानमंत्री ने इसका संज्ञान लिया है। गृह मंत्री अमित शाह वहां पहुंच रहे हैं और सख्त कार्रवाई की जाएगी। मैं वहां के प्रशासन के संपर्क में भी हूं। आतंकी हमले में महाराष्ट्र के दो लोगों की जान चली गई है।”
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पहलगाम, अनंतनाग में पर्यटकों पर हुए कायराना आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। उपराज्यपाल ने आतंकी हमले पर डीजीपी और सुरक्षा अधिकारियों से बात की। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि इस घृणित हमले के पीछे जो लोग हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों को घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने का भी निर्देश दिया है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने इस हमले की निंदा की है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अधिकारियों के साथ बैठक की है और कश्मीर में आतंकवादियों द्वारा कन्नड़ लोगों पर हमले की खबर पर जानकारी हासिल की है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिवों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से जानकारी हासिल कर उन्हें तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर दिल्ली से अधिकारियों की एक टीम कश्मीर के लिए रवाना हो गई है। पुलिस अधिकारी भी वहां पहुंच गए हैं। दिल्ली के रेजिडेंट कमिश्नर को अगला कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। पहलगाम हमले में घायलों की सूची : –
1. विनो भट निवासी गुजरात
2. माणिक पाटिल
3. रिनो पांडे
3. एस. बालाचंद्रू निवासी महाराष्ट्र
4. डॉ. परमेश्वर
5. अभिजवन राव निवासी कर्नाटक
6. अभिजावम राव निवासी कर्नाटक
7. संतरू निवासी तमिलनाडु
8. सहशी कुमारी निवासी उड़ीसा
कर्नाटक के निवासी मंजूनाथ की आतंकी हमले में मौत!
कर्नाटक के शिवमोगा निवासी मंजूनाथ के बारे में कहा जा रहा है कि वह पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए हैं। हालांकि आधिकारिक सूची की इंतजार है। मंजूनाथ, शिवमोग्गा के विजयनगर तृतीय क्रॉस के निवासी थे। वो रियल एस्टेट व्यवसाय से जुड़े हुए थे। मंजूनाथ का परिवार चार दिन पहले ही कश्मीर की यात्रा पर गया था। उनकी पत्नी पल्लवी MAMCOS में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। मां और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।
पीएम मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले पर गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बातचीत में सभी उचित कदम उठाने को कहा है। प्रधानमंत्री ने गृह मंत्री से घटनास्थल का दौरा करने को भी कहा है। घायल पर्यटकों को पहलगाम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें गैर कश्मीरी और स्थानीय लोग भी शामिल हैं। एक महिला ने बताया, “मेरे पति को सिर में गोली लगी है, जबकि सात अन्य लोग भी हमले में घायल हुए हैं।” महिला ने अपनी पहचान नहीं बताई, लेकिन घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की गुहार लगाई। इधर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इससे थोड़ी देर पहले, गोलियों की आवाज सुनने के बाद सुरक्षा बल पहलगाम में बायसरन घाटी पहुंचे। पहलगाम दक्षिण कश्मीर का खूबसूरत इलाका है। यहां देशभर से पर्यटक आते हैं। फिलहाल पर्यटकों की आवाजाही पर अस्थायी रोक है। घटना के बाद से पर्यटकों में अफरातफरी और डर का माहौल है।