बस्ती (उ.प्र.)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शमसुल हक के मार्गदर्शन में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में आम जनता के विधिक सशक्तिकरण हेतु दिनांक 01 नवम्बर, 2026 को जनपदों में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
उक्त जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव देवेन्द्र कुमार प्रथम ने बताया कि इस मेगा शिविर के अन्तर्गत सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा निर्बल वर्ग, दिव्यांगों, बच्चों, स्त्रियों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति इत्यादि के व्यक्तियों हेतु राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को लक्षित करते हुये, जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों द्वारा ऐसी योजनाओं के लाभार्थियों का चिन्हांकन/पंजीकरण कराते हुये योजनाओं का लाभ प्रदान करने हेतु सहायता प्रदान की जायेगी।
मेगा कैम्प की तैयारियों एवं समीक्षा के संबंध में जनपद न्यायाधीश शमसुल हक की अध्यक्षता में जनपद के विभन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गयी, जिसमें उन्हें जनपद के आमजन को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं लाभ पहुचाने हेतु निर्देशित किया गया। दिनांक 01.11.2026 को आयोजित होने वाले मेगा/ वृहद विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर के संबंध में लोगों को जागरूक करने हेतु निर्देशित किया गया।


