
बस्ती (उ.प्र.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जनपद के बस्ती के भाजपा नेता मनीष मिश्र ने किसानों के हित में बड़ी पहल की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दशहरे के अवसर पर किसानों के लिए 10 ट्रैक्टर खरीदे जाएंगे, जिनके माध्यम से जरूरतमंद किसानों के खेतों की निःशुल्क जुताई कराई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य किसानों की खेती की लागत कम करने के साथ उन्हें कृषि कार्यों में सहयोग प्रदान करना है। बताया कि केवल तेल के दाम जुताई कराई जाएगी। इसे लोग चुनावी घोषणा भी कह रहे हैं।
मनीष मिश्रा ने कहा कि किसानों की समृद्धि से ही गांव और जनपद का विकास संभव है। किसानों को परंपरागत खेती के साथ वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए आगे आना चाहिए। वैज्ञानिक खेती से उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों की आय में भी वृद्धि की संभावनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि समाजसेवा का उद्देश्य किसी जाति, वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं होना चाहिए। बस्ती जनपद में जात-पात की राजनीति का कोई स्थान नहीं रहना चाहिए। जो व्यक्ति जनता और क्षेत्र के विकास के लिए ईमानदारी से कार्य करेगा, जनता उसके साथ खड़ी होगी। उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों के हित में निरंतर काम करने की जरूरत है। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की नई दिशा तय करना ही उनकी प्राथमिकता है। किसानों के लिए 10 ट्रैक्टर उपलब्ध कराने की घोषणा को उन्होंने सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की दिशा में एक कदम बताया।





