
बस्ती (सू.वि.उ.प्र.)। आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मंडल में संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए। विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से लंबित परियोजनाओं के कारणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में पीएम सूर्यघर, खराब ट्रांसफार्मर, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा, एंबुलेन्स व सिटी स्कैन सेवा, दुग्ध मूल्य भुगतान, दिव्यांग पेंशन, जल निगम, फैमिली आईडी, स्वच्छ भारत मिशन, पर्यटन विकास, आपरेशन कायाकल्प, अण्डा उत्पादन, मुख्यमंत्री शादी अनुदान, प्रोजेक्ट अलंकार, नई सड़को का निर्माण, मुख्यमंत्री विवाह योजना, ओडीओपी सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने कहा कि संबंधित विभागीय अधिकारी अपने विभाग से संबंधित योजनाओं में अपेक्षित प्रगति बनाये रहें। किसी भी स्तर पर समस्या हो तो उसका तत्काल निराकरण कराया जाय। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी की जाए और फील्ड स्तर पर स्थलीय सत्यापन भी कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचाना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक का संचालन संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी ने किया। बैठक में जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्सना, संतकबीर नगर आलोक कुमार, सिद्धार्थनगर के शिवशरणप्पा जी.एन., सीडीओ सार्थक अग्रवाल, जयकेश त्रिपाठी, बलराम सिंह, वन संरक्षक रंगराजू टी, मुख्य अभियन्ता विद्युत विजय कुमार गुप्ता, अधिक्षण अभियन्ता जलनिगम सौरभ सुमन, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या पूनम, उप निदेशक समाज कल्याण राम कुमार चौरसिया, संयुक्त कृषि निदेशक रामबचन राम, संयुक्त आयुक्त उद्योग गौरव मिश्रा सहित संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।





