
बस्ती (सू.वि.उ.प्र.)। जनपद के समस्त आहरण वितरण अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति ने कहा कि सभी आहरण वितरण अधिकारी निरीक्षण दल के सदस्य प्रशान्त मिश्र, सहायक लेखाधिकारी, महेश, सहायक लेखाधिकारी तथा मनीष कुमार तिवारी, वरिष्ठ लेखाकार के सुझावों एवं दिशा निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि आहरण वितरण में पारदर्शिता हो। उन्होंने कहा कि कार्यालय महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी) को भेजी जाने वाली सभी सूचनाएं विभागीय नियमों के अनुरूप एवं गुणवत्तापूर्ण हों।

उन्होंने कहा कि आहरण वितरण अधिकारीगण अपने विभाग का रि कन्सलेशन शीट को ससमय प्राप्त कर अवलोकन अवश्य करें ताकि आहरित किए गये बिलों का स्व सत्यापन कर सकें। अभी तक पुलिस विभाग से सम्बन्धित 8 लोगों का एन0पी0एस0 प्रान नं0 एलाट नहीं हुआ है, पुलिस विभाग के आहरण वितरण अधिकारी इसे शीघ्रातिशीघ्र एलाट कराना सुनिश्चित करायें। बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया, जिसमें मुख्य रूप से अनुदानों के सापेक्ष उपयोगिता प्रमाण पत्र, ए.सी. बिल के सापेक्ष डी.सी. बिल प्रस्तुत करने, सामान्य निधि से संबंधित विसंगतियों के निराकरण तथा लेखे से संबंधित अन्य प्रकरणों पर निरीक्षण दल के अधिकारियों द्वारा चर्चा किया गया, तथा आहरण वितरण अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लंबित उपयोगिता प्रमाण पत्रों और डी.सी. बिलों को समय से प्रेषित किया जाए ताकि लेखा संबंधी कार्यों की शुचिता बनी रहे और किसी प्रकार की विसंगति न रहे। बैठक में कोषागार के शशिकांत नन्दन, अखिलेश कुमार, लेखाकार के साथ ही लोक निर्माण विभाग, पुलिस विभाग, जेल, चकबंदी, गन्ना विभाग, उद्योग विभाग, समाज कल्याण, सेवा योजना, सूचना विभाग, लघु सिंचाई, बेसिक शिक्षा, आबकारी, स्वास्थ्य विभाग सहित कई विभागों के आहरण वितरण अधिकारी एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





