
23 घंटे बाद कुआनो नदी से मिला आदर्श यादव का शव, दो युवक व युवती पर संदेह; पुलिस जांच में जुटी
बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में कुआनो नदी में डूबे युवक आदर्श यादव का शव करीब 23 घंटे बाद शुक्रवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान बरामद कर लिया गया। स्थानीय गोताखोरों और फायर विभाग की टीम ने लगातार अभियान चलाकर नदी से शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आदर्श यादव गुरुवार की सुबह घर से गणेशपुर स्थित लक्ष्य लाइब्रेरी जाने के लिए निकला था। सुबह करीब 11 बजे उसकी अपने पिता राम विलास यादव से फोन पर बातचीत हुई, जिसमें आदर्श ने बताया था कि वह लक्ष्य लाइब्रेरी पहुंच गया है। इसके बाद दोपहर में परिजनों को सूचना मिली कि आदर्श कुआनो नदी में डूब गया है।
बताया जा रहा है कि आदर्श को वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के सिकटा के पास एक चाय की दुकान पर दो युवकों और एक युवती के साथ देखा गया था। इसके बाद वह वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी विकास और विशाल के साथ नदी किनारे गया था। आरोप है कि आदर्श के नदी में डूबने के बाद विकास और विशाल मौके से चले गए। घटनास्थल के पास आदर्श का मोबाइल, कपड़े और जूते भी मिले थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों तथा फायर विभाग की टीम के सहयोग से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हादसे के बाद से गौर थाने के SO अतुल कुमार अंजान लगातार घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत एवं तलाश अभियान की निगरानी करते रहे। करीब 23 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार को आदर्श का शव नदी से बरामद हुआ।
आदर्श के पिता राम विलास यादव ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर घटना के संबंध में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


