
बस्ती (सू.वि.उ.प्र.)। जिला प्रशासन के तत्वाधान में दो जून मंगलवार को जनसहभागिता के माध्यम से कुआनो नदी के जीर्णोद्धार अभियान के क्रम में विकास खण्ड बस्ती सदर के ग्राम पंचायत मूड़घाट के पास शमशान घाट पुल के नीचे नदी की साफ-सफाई अभियान की शुरूआत की गईं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ब्लाक प्रमुख राकेश श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान सरोज देवी, मूडघाट क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनील यादव के साथ आम जनता के सहयोग से घाट पर साफ-सफाई कर बृहद स्वरूप में जीर्णोद्धार अभियान की शुरूआत की गई।

इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि नदियां भारतीय संस्कृति की धरोहर हैं। जैसे शरीर में धमनिया रक्त का प्रवाह करती हैं वैसे हमारी नदियां पूरे ब्रहमांड में जल प्रवाह को अबिरल बनाती हैं। प्राचीन भारत के इतिहास को देखने पर पता चलता है कि जो भी बड़े शहर या बड़ी सभ्यतायें विकसित हुई हैं, वे सभी नदियों के किनारे थी। भारतीय संस्कृति में नदियां हमारी आस्था का प्रतीक हैं। ये हमारी भावनाओं व चेतना को जागृति रखती हैं। मानवता व सभ्यता को बनाये रखने में इनका बहुमूल्य योगदान है। वर्तमान परिदृश्य में यह दिखाई पड़ रहा है कि हमारी नदियां अपने मूल स्वरूप को खो रही हैं। उनका जल स्तर घट रहा है नदियों को दूषित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमारा यह नैतिक कर्तव्य बनता है कि हम अपनी धरोहर को संजोयें और इसके मूल स्वरूप को नष्ट होने से बचायें। तत्क्रम में हम सभी कुआनो नदी के जीर्णोद्धार अभियान के अन्तर्गत यहां एकत्रित हुये हैं। अपने नदियों को अविरल बनाने के लिए सहभागिता के माध्यम से नदियों का जीर्णोद्धार कार्य किया जायेगा। मेरा सर्व समाज के साथियों से अनुरोध है कि आप सभी आगे आयें और इस अभियान में अपनी अहम भूमिका का निर्वहन करें जिससे हम अपनी नदियों को मूल स्वरूप तक पहुंचा पायें।

इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनील यादव, ग्राम प्रधानगण, सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) , राजनरायण शुक्ल, सहायक विकास अधिकारी (पं०), सहजराम, परशुराम, रामललित, बबलू, श्याम नरायन, शिवनरायण चौधरी एवं अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।
बाउन्ड्रीवाल निर्माण को लेकर विवाद, पीड़ता ने उच्चाधिकारियों से लगाया न्याय की गुहार
बस्ती। मुण्डेरवा थाना क्षेत्र के हथिरजा निवासिनी आमिना खान पत्नी अकबर खान ने मण्डलायुक्त और पुलिस उच्चाधिकारियों को पत्र देकर मार पीट, जान से मारने की धमकी देने के मामले में दोषियों के विरूद्ध दर्ज मुकदमा के आधार पर गिरफ्तारी, कार्रवाई और अपने परिवार के जान माल के रक्षा की गुहार लगाया है।

उच्चाधिकारियों को दिये पत्र में आमिना खान ने कहा है कि गत 19 मई को वह अपने घर की बाउन्ड्रीवाल का निर्माण कार्य करा रही थी उसी समय बगल के जहीर अहमद पुत्र सिराज अहमद व बिन्नो पुत्री सिराज अहमद उसके घर पर चढ़ आये। उसे और उसकी पुत्री ने उन लोगों को अपने घर से वापस जाने को कहा किन्तु उसकी बेटी को जहीर अहमद मारने-पीटने लगे व पुत्री को अकेला पाकर उसके साथ दुव्यर्वहार करने की नियत से छेड़खानी करने लगे। उक्त लोग उसकी पुत्री के साथ कभी भी कोई अप्रिय घटना घटित कर सकते हैं। उसकी पुत्री ने पाकर 112 नम्बर पर डायल किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तहरीर के लिए थाने पर बुलाया। वह अपनी पुत्री के साथ मुण्डेरवा थाने पर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। घर आने पर चता चला कि वापस उसके पति के मोबाइल पर जहीर अहमद एवं भाई जुनैद अहमद व जुबैर अहमद द्वारा बार बार धमकी दी जा रही है । उसने इस मामले में दोषियों के विरूद्ध दर्ज मुकदमेे के आधार पर दोषियों की गिरफ्तारी और अपने परिवार के जान माल के रक्षा की गुहार लगाया है।





