
बस्ती (उ.प्र.)। होली के दिन जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र में नहाते समय नदी में डूबे सेना के जवान अनूप सिंह का शव 48 घंटे बाद बरामद हो पाया। ये चांदपुर बंधे पर नहाते समय 14 मार्च को डूब गए थे। काफी खोजबीन के बाद इनका शव 16 मार्च को सरयू नदी में ही खलवा गांव के पास बरामद हुआ। अनूप सिंह उत्तराखंड के अल्मोड़ा में 22वीं बटालियन में तैनात थे और होली की छुट्टी में अपने गांव आए हुए थे।
मिली जानकारी के अनुसार अनूप सिंह होली के दिन अपने गांव के अन्य युवकों के साथ सरयू नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान वह गहराई में चले गए और डूब गए। लगातार खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल पा रहा था।
इसके बाद एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने विशेष तकनीक का इस्तेमाल करते हुए सरयू नदी के पानी को वाइब्रेट किया, जिससे अनूप सिंह का शव ऊपर आ गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जवान के असामयिक निधन से पूरा इलाका शोकाकुल है।
डुमरियागंज से भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने अपने गृह जनपद बस्ती के विकासखंड दुबौलिया के ग्राम खुशहालगंज (खलवां) निवासी दिनेश सिंह के सुपुत्र अनूप सिंह (अन्नु फौजी) के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत हृदय विदारक है। उन्होंने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इस कठिन समय में मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।